☰
×

इंदौर और भोपाल में भू-माफिया और प्रशासनिक संरक्षण की हो उच्चस्तरीय जांच : जीतू पटवारी

 

भोपाल, 25 नवंबर (आईएएनएस )। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और व्यापारिक नगरी इंदौर में बड़ी तादाद में जर्जर और गैर कानूनी तरीके से बनाए गए मकानों को तोड़ा गया है। इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि भूमाफियाओं और प्रशासनिक संरक्षण की उच्च स्तरीय जांच हो। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र भी लिखा है ।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर इंदौर और भोपाल में हाल ही में हुई मकानों की तोड़फोड़ की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास, उचित मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश में भू-माफिया एवं अवैध कॉलोनियों के मामलों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

जीतू पटवारी ने पत्र में लिखा कि मध्य प्रदेश में भाजपा पिछले 25 वर्षों से जनमत और सत्ता का नेतृत्व कर रही है। जनता ने विकास, सुरक्षित आवास, बेहतर जीवन और सुशासन की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन इंदौर और भोपाल में हाल ही में हुई मकानों की तोड़फोड़ ने एक बेहद गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने सवाल किया है कि क्या प्रदेश में जमीन खरीदने, मकान बनाने और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने वाला आम नागरिक ही अंततः सरकारी व्यवस्था की विफलताओं की कीमत चुकाएगा।

उन्होंने कहा कि इंदौर और भोपाल सहित प्रदेश में हालिया तोड़फोड़ से प्रभावित सभी परिवारों का जिला स्तर पर सर्वे करवाकर वास्तविक नुकसान, परिवारों की संख्या, बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग सदस्यों का विवरण सार्वजनिक किया जाए। प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए। पुनर्वास होने तक सरकार उचित किराया सहायता दे, जिसे बाजार की वास्तविक दरों के अनुरूप निर्धारित किया जाए। जिन मकानों को तोड़ा गया है उनमें से कई मकान बैंक से कर्ज लेकर बनाए गए हैं।

इस बात का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा है कि जिन परिवारों के मकानों पर बैंक ऋण चल रहा है, उनके लिए संबंधित बैंकों से समन्वय कर ऋण की किस्तों पर राहत, पुनर्गठन और ब्याज संबंधी विशेष सहायता की व्यवस्था की जाए। मकान टूटने के साथ कर्ज का बोझ परिवारों को आर्थिक विनाश की ओर धकेल रहा है। मकान, दुकान, घरेलू सामान, आजीविका और निर्माण सामग्री के नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने विधिवत रजिस्ट्री, बैंक ऋण, संपत्ति कर, बिजली और जलकर के दस्तावेजों के आधार पर मकान बनाए, उनके मामलों की विशेष समीक्षा हो। पटवारी ने कहा कि किसी शहर का विकास उसके नागरिकों को उजाड़कर नहीं, उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देकर मापा जाना चाहिए। 25 वर्षों के जनमत और शासन के बाद प्रदेश की जनता आपसे यही अपेक्षा करती है कि भू-माफिया पर कठोर कार्रवाई हो, प्रशासनिक लापरवाही की जवाबदेही तय हो और बेघर हुए परिवारों को न्याय मिले।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम