इंडोनेशिया के बांदा सागर में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया, नुकसान की कोई खबर नहीं
जकार्ता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के पास बांदा सागर में सोमवार को 6.4 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसका सेंटर लगभग 37 किलोमीटर की गहराई में था। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी (बीएमकेजी) ने भी भूकंप की पुष्टि की।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप शाम 7:40 बजे आया।
इससे पहले 18 अगस्त को इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में नियास द्वीप के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। सिंहुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जानमाल के नुकसान की तुरंत कोई खबर नहीं मिली।
एजेंसी ने बताया कि भूकंप दोपहर 1:02 बजे (स्थानीय समयानुसार) आया, जिसका केंद्र साउथ नियास रीजेंसी से लगभग 147 किमी दक्षिण-पूर्व में 29 किमी की गहराई पर था। भूकंप से सुनामी आने का खतरा नहीं था।
यह इस महीने की शुरुआत में आए एक और तेज भूकंप के बाद आया है। इंडोनेशिया के ईस्ट नुसा तेंगारा (एनटीटी) प्रांत में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें जान माल का काफी नुकसान हुआ था।
नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी (बीएनपीबी) यानी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने सोमवार को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई। बीएनपीबी के प्रिवेंशन डिप्टी अब्दुल मुहरी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, "मौमंगराई रीजेंसी में 26, ईस्ट मंगराई में 24, नागेकेओ में आठ, सिक्का में चार, और एंडे, वेस्ट मंगराई और नगाडा में दो-दो लोगों की मौत हुई, जबकि 213 अन्य घायल हुए।"
भूकंप के बाद से कम से कम 1,576 आफ्टर-शॉक रिकॉर्ड किए गए थे। आदेश के अनुसार, भूकंप का केंद्र नागेकेओ रीजेंसी में मबे से लगभग 30 किमी उत्तर-पूर्व में 15 किमी की गहराई पर था। भूकंप से 914 घरों को भारी, 126 को मामूली और 317 को हल्का नुकसान पहुंचा था। इससे 93 शिक्षण केंद्र, 36 स्वास्थ्य सेवा केंद्र और 38 सरकारी कार्यालयों को भी नुकसान पहुंचा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगगराई और नागेकेओ में दो फील्ड अस्पताल (अस्थाई) भेजे हैं और भूकंप प्रभावित इलाकों में चिकित्सा और संकट प्रबंधन दलों को तैनात किया। इस बीच, पश्चिमी और पूर्वी फ्लोरेस आइलैंड में बिजली 99.5 फीसदी जबकि फ्लोरेस में 95.4 फीसदी तक दूरसंचार सेवाएं व्यवस्थित हो गई। इंडोनेशियाई सेना ने भी मुश्किल इलाकों में राहत आपूर्ति सामग्री बांटने में पूरी तत्परता दिखाई। एक प्रांतीय सरकार के आदेश के मुताबिक, ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांतीय सरकार ने 15 अगस्त को आए भूकंप के बाद 14 दिन की इमरजेंसी रिस्पॉन्स स्टेटस घोषित कर दी।
--आईएएनएस
एमएस/एबीएम