☰
×

इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में सीनियर रेजिडेंट बनने का सुनहरा मौका, 24 अक्टूबर को वॉक-इन-इंटरव्यू

 

पटना, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) ने कार्डियोलॉजी विभाग में 89 दिनों के लिए 'एडहॉक' (अस्थायी) आधार पर सीनियर रेजिडेंट के कुल 8 पदों पर नियुक्ति की घोषणा करते हुए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आईजीआईएमएस की ओर से सीनियर रेजिडेंट पोस्ट के लिए जारी 8 रिक्तियों में अनारक्षित के 2, अनारक्षित (महिला) का 1, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के 2, पिछड़ा वर्ग (बीसी) का 1, अनुसूचित जाति (एससी) का 1 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) का 1 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी संस्थान के नियम के अनुसार होगी।

इंटरव्यू में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों के पास एमएस/एमडी मेडिसिन की डिग्री होनी चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 7 फरवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन-इंटरव्यू 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से आईजीआईएमएस, पटना-14 के कार्डियोलॉजी विभाग के एचओडी कक्ष (पॉली विंग क्लिनिक, तीसरी मंजिल) में आयोजित होगा। इच्छुक उम्मीदवारों को इंटरव्यू के दिन सुबह 10 बजे तक केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। वहीं, दस्तावेजों का सत्यापन इंटरव्यू वाले दिन ही एचओडी कार्डियोलॉजी कक्ष (पॉली विंग क्लिनिक, तीसरी मंजिल) में किया जाएगा।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केंद्र पर समय से रिपोर्ट करने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी ले जाएं।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईजीआईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित रिक्तियों के लिए दिए गए आवेदन पत्र को डाउनलोड कर प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित/ईडब्ल्यूएस/बीसी/ईबीसी के लिए 1,000 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपए तय है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम