इंडिगो की ऑनलाइन बुकिंग सेवा में आई दिक्कत, फुटेज में देंखे वेबसाइट पर नहीं दिख रहा शेड्यूल और किराया
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा में बुधवार को तकनीकी परेशानी सामने आई। एयरलाइन की वेबसाइट पर कुछ यात्रियों को फ्लाइट सर्च करने और नई टिकट बुक करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने शिकायत की कि फ्लाइट की जानकारी खोजने पर शेड्यूल और किराया दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने और टिकट बुक करने में परेशानी हुई।इंडिगो ने खुद ऑनलाइन सेवाओं में आ रही समस्या की पुष्टि की है। एयरलाइन ने बताया कि उसके सिस्टम में रुक-रुककर तकनीकी दिक्कत आ रही है। इसके कारण कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। कंपनी ने कहा कि उसकी तकनीकी टीमें समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही हैं।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि अगर उन्हें तत्काल टिकट बुकिंग या फ्लाइट की जानकारी की जरूरत नहीं है, तो कुछ समय बाद इंडिगो के डिजिटल चैनल का दोबारा इस्तेमाल करें। कंपनी ने कहा कि तकनीकी समस्या को दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है और सेवा सामान्य होने के बाद यात्री वेबसाइट और अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर सकेंगे।इंडिगो ने उन यात्रियों के लिए भी सलाह जारी की है, जिन्हें तुरंत यात्रा से जुड़ी सहायता चाहिए। एयरलाइन के मुताबिक, ऐसे ग्राहक कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क कर सते हैं। इससे तत्काल यात्रा संबंधी जानकारी, बुकिंग या अन्य जरूरी सहायता लेने में मदद मिल सकती है।
वहीं, जिन यात्रियों की यात्रा कुछ समय बाद होने वाली है और उन्हें तत्काल टिकट बुकिंग या बदलाव की जरूरत नहीं है, उन्हें एयरलाइन ने कुछ समय इंतजार करने की सलाह दी है। इंडिगो ने कहा है कि ऐसे ग्राहक बाद में दोबारा वेबसाइट या डिजिटल चैनल पर जाकर अपनी जरूरत के अनुसार सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं।ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में आई यह परेशानी ऐसे समय सामने आई है, जब बड़ी संख्या में यात्री फ्लाइट टिकट बुक करने और यात्रा की जानकारी हासिल करने के लिए एयरलाइन की वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। खासतौर पर नई बुकिंग के दौरान किराया और उपलब्ध फ्लाइट का शेड्यूल नहीं दिखाई देने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
इंडिगो भारत की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन है और घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक बताई जाती है। एयरइन देश के अलग-अलग शहरों के साथ अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी बड़ी संख्या में उड़ानें संचालित करती है। कंपनी रोजाना 1,000 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करती है।इतने बड़े नेटवर्क के कारण इंडिगो की डिजिटल बुकिंग और ग्राहक सेवाएं यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में वेबसाइट पर तकनीकी समस्या आने से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, एयरलाइन ने कहा है कि उसकी टीमें समस्या को जल्द ठीक करने में जुटी हैं। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी होने पर कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करें और सामान्य बुकिंग के लिए कुछ समय बाद वेबसाइट पर दोबारा कोशिश करें।