श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, वीडियो में जाने 200 यात्री और क्रू सुरक्षित
श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो का एक विमान पार्किंग के दौरान खंभे से टकरा गया। हादसा एयरपोर्ट के बे नंबर 6 पर विमान को पार्क करते समय हुआ। विमान में सवार सभी 200 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) शुक्रवार सुबह नवी मुंबई से उड़ान भरकर श्रीनगर एयरपोर्ट पहुंची थी। लैंडिंग के बाद करीब सुबह 9 बजे विमान को पार्किंग बे में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान विमान एक खंभे से टकरा गया।
मैनुअल सीढ़ियों से यात्रियों को उतारा गया
घटना के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षा के मद्देनजर विमान से उतारा गया। यात्रियों को मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन सामान्य बना हुआ है।एयरपोर्ट पर सभी फ्लाइट्स निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो रही हैं। घटना के कारण किसी अन्य उड़ान के संचालन पर बड़ा असर पड़ने की सूचना नहीं है।
जिस खंभे से टकराया विमान, वह VDGS का हिस्सा
विमान जिस खंभे से टकराया, वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) का हिस्सा बताया जा रहा है। यह सिस्टम एयरपोर्ट के पार्किंग बे में विमान को सही स्थिति तक पहुंचाने और सुरक्षित तरीके से पार्क कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।VDGS विमान के पायलट को पार्किंग की स्थिति के बारे में विजुअल संकेत देता है। आधुनिक सिस्टम विमान के प्रकार की पहचान करने के साथ-साथ यह भी बताने में सक्षम होते हैं कि विमान निर्धारित पार्किंग पोजिशन से कितनी दूरी पर है और किस गति से आगे बढ़ रहा है।
सेंसर से मिलती है विमान की स्थिति की जानकारी
VDGS में लगे सेंसर विमान की स्थिति और उसकी गति का पता लगाते हैं। इसके आधार पर सिस्टम के डिस्प्ले पर पायलट को जरूरी निर्देश दिए जाते हैं। इसका उद्देश्य विमान को पार्किंग बे में निर्धारित स्थान पर सुरक्षित तरीके से रोकना होता है।श्रीनगर एयरपोर्ट पर हुई घटना में विमान के खंभे से टकराने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पार्किंग के दौरान विमान खंभे से कैसे टकराया और इसमें तकनीकी या मानवीय कारणों की क्या भूमिका रही।फिलहाल सबसे राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एयरपोर्ट प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।