☰
×

Indian Navy Operation: सोमाली समुद्री लुटेरों से छुड़ाया मछली पकड़ने वाला जहाज, 20 ईरानी नागरिकों को सुरक्षित बचाया

 

भारतीय नौसेना ने सोमालिया के तट पर समुद्री लुटेरों के कब्जे से मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' को मुक्त करा लिया है। इस अभियान में जहाज पर सवार 20 ईरानी क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाया गया। सोमवार को पूरा हुआ यह ऑपरेशन करीब 48 घंटे तक चला। इसमें भारतीय वायुसेना ने भी नौसेना की मदद की।

12 हथियारबंद लुटेरों ने किया था अपहरण

जानकारी के मुताबिक, 12 हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने गुरुवार को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास मछली पकड़ने वाले जहाज 'अजिनी' का अपहरण कर लिया था। भारतीय नौसेना ने जहाज का पता लगाकर उसे रोका और फिर क्रू सदस्यों को लुटेरों के कब्जे से छुड़ाया।

यह अभियान मुंबई से 3,000 किलोमीटर से अधिक दूर समुद्री क्षेत्र में चलाया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल ऑपरेशन के लिए भारतीय नौसेना को बधाई दी। उन्होंने अभियान में भारतीय वायुसेना की समय पर मिली मदद की भी सराहना की।

अधिकारियों के मुताबिक, अपहरण के समय जहाज पर 21 ईरानी क्रू सदस्य और दो सोमाली सुरक्षा गार्ड मौजूद थे। कुल 23 लोग सवार थे। आशंका जताई गई थी कि समुद्री लुटेरे जहाज का इस्तेमाल आगे व्यापारिक जहाजों पर हमले करने के लिए कर सकते हैं।

अदन की खाड़ी में फिर बढ़ीं समुद्री लूट की घटनाएं

अजिनी का अपहरण ऐसे समय हुआ है, जब अदन की खाड़ी और पश्चिमी हिंद महासागर में सोमाली समुद्री लूट की घटनाएं फिर बढ़ रही हैं। हाल के महीनों में इस क्षेत्र में कई व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया गया है।

सोमालिया के तट पर भारतीय नौसेना के प्रमुख रेस्क्यू ऑपरेशन

  • 29 मार्च 2024: भारतीय नौसेना ने 12 घंटे के अभियान में ईरानी जहाज 'अल-कंबर' को 9 समुद्री लुटेरों के कब्जे से छुड़ाया। इस दौरान जहाज पर सवार 23 पाकिस्तानी नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया।
  • 16 मार्च 2024: करीब 40 घंटे चले अभियान में मार्कोस कमांडोज ने 35 सोमाली समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर किया। इसके साथ ही मालवाहक जहाज 'एमवी रुएन' से बंधक बनाए गए 17 लोगों को मुक्त कराया गया।
  • 29 जनवरी 2024: आईएनएस सुमित्रा ने सोमालिया के तट पर 11 हथियारबंद लुटेरों को घेरकर मछली पकड़ने वाले जहाज 'अल-नईमी' के 19 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाया।