रूस में फिर फंसा भारतीय: बिना कसूर इंजीनियर पति गिरफ्तार, पत्नी का दावा- जबरन रूसी सेना में भर्ती करने की तैयारी
रूस की राजधानी मॉस्को में काम कर रहे भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता की गिरफ्तारी का मामला सामने आया है। चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील की है। स्नेहा का आरोप है कि रूसी पुलिस उनके पति को रात में हिरासत में लेकर गई और अब उन्हें सेना में भेजे जाने का डर है।हालांकि, सामने आई जानकारी के मुताबिक चंदन गुप्ता और उनके दोस्त आशीष को मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके में हिरासत में लिया गया था। उन पर कथित तौर पर नशे की हालत में होने और पास खड़ी एक एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप है।
रात में पुलिस ने हिरासत में लिया
स्नेहा गुप्ता ने अपने वीडियो में बताया कि वह मॉस्को में अपने 10 साल के बच्चे के साथ रहती हैं। उनके पति चंदन गुप्ता एक भारतीय कंपनी के जरिए रूस में इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं।स्नेहा के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे पुलिस उनके पति को अपने साथ लेकर गई। उनका कहना है कि उन्हें रूसी भाषा की जानकारी नहीं है और ऐसे में पति की गिरफ्तारी के बाद उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करने और उनके पति की मदद करने की अपील की है।
सेना में भेजे जाने को लेकर जताई आशंका
स्नेहा ने वीडियो में यह भी दावा किया कि रूस में लोगों को जबरन सेना में भेजे जाने की बात सामने आती रही है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके पति को भी किसी तरह रूसी सेना में भेजा जा सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि उनका वीडियो मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए, ताकि चंदन की मदद हो सके और उन्हें जल्द रिहाई मिल सके।
एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, चंदन गुप्ता और उनके दोस्त आशीष को 5 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके से हिरासत में लिया गया। दोनों पर नशे में होने और वहां खड़ी एक एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया गया है।
फिलहाल दोनों को मॉस्को के बाउमानस्काया पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखे जाने की जानकारी सामने आई है।
भारतीय दूतावास ने उठाया मामला
इस मामले को भारतीय दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के सामने उठाया है। दूतावास की ओर से चंदन गुप्ता की रिहाई का अनुरोध किए जाने की बात कही गई है। साथ ही, अधिकारियों से उन्हें कॉन्सुलर एक्सेस उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
दूतावास चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता के संपर्क में भी है। अब परिवार को उम्मीद है कि राजनयिक स्तर पर हस्तक्षेप के बाद चंदन को जल्द राहत मिल सकती है।
फिलहाल चंदन गुप्ता पर लगे आरोपों और उनकी पत्नी की ओर से लगाए गए सेना में भेजे जाने के दावे को लेकर संबंधित अधिकारियों की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।