कार्डिफ में इतिहास रचने उतरेगा भारत, वीडियो में जाने इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने का सुनहरा मौका
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच शाम 5:30 बजे शुरू होगा। पहले वनडे में 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज करने वाली टीम इंडिया सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। ऐसे में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम दूसरे मुकाबले में जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम करने के साथ-साथ इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करना चाहेगी।
लगातार चौथी सीरीज जीतने का मौका
भारत ने पिछले कुछ वर्षों में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने 2021 में घरेलू मैदान पर 2-1 से सीरीज जीती थी। इसके बाद 2022 में इंग्लैंड दौरे पर भी 2-1 से सीरीज अपने नाम की। वहीं, 2025 में भारत में खेली गई वनडे सीरीज में इंग्लैंड का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया था। अब यदि भारत कार्डिफ में जीत दर्ज कर लेता है तो वह लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने की उपलब्धि हासिल कर लेगा।
कार्डिफ में भारत का शानदार रिकॉर्ड
कार्डिफ का मैदान पिछले डेढ़ दशक से भारतीय टीम के लिए बेहद शुभ साबित हुआ है। टीम इंडिया यहां पिछले 15 वर्षों से कोई वनडे मुकाबला नहीं हारी है। भारत को इस मैदान पर आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी।
इसके बाद भारत ने 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को हराया था। वहीं 2014 में इसी मैदान पर इंग्लैंड को 133 रन के बड़े अंतर से मात देकर अपना दबदबा कायम रखा था। ऐसे में कार्डिफ का रिकॉर्ड भारतीय टीम का मनोबल बढ़ाने वाला है।
हेड-टू-हेड में भारत का पलड़ा भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 111 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 62 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को 44 मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच 2 मैच टाई रहे हैं, जबकि 3 मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।
हालिया रिकॉर्ड की बात करें तो भारतीय टीम का दबदबा साफ नजर आता है। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले छह लगातार वनडे मुकाबले जीते हैं और इसी लय को बरकरार रखना चाहेगा।
कार्डिफ में इंग्लैंड भी मजबूत
हालांकि, कार्डिफ का मैदान इंग्लैंड के लिए भी काफी सफल रहा है। मेजबान टीम ने यहां खेले गए 14 वनडे मुकाबलों में से 10 में जीत हासिल की है। घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश में इंग्लिश टीम इस मुकाबले में वापसी के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
पहले वनडे में मिली हार के बाद इंग्लैंड के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा होगा, जबकि भारत की नजर सीरीज पर कब्जा जमाने पर रहेगी। दोनों टीमों के बीच पिछले कुछ वर्षों में वनडे क्रिकेट में कड़ी टक्कर देखने को मिली है। ऐसे में कार्डिफ में होने वाला यह मुकाबला भी रोमांच से भरपूर रहने की उम्मीद है।
भारतीय टीम अगर अपनी जीत की लय बरकरार रखती है, तो वह न सिर्फ सीरीज अपने नाम करेगी बल्कि इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि भी अपने खाते में दर्ज कर लेगी।