भारत मजबूत खपत के दम पर अन्य देशों के मुकाबले दर्ज करेगा बेहतर ग्रोथ, एफटीए से बढ़ेगा निर्यात : एचएसबीसी एमएफ सीईओ
नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। एचएसबीसी म्यूचुअल फंड के सीईओ कैलाश कुलकर्णी ने बुधवार को कहा कि मजबूत खपत के चलते भारत दुनिया की अन्य अर्थव्यवस्था से अच्छा प्रदर्शन करता रहेगा। वहीं, हाल में कई देशों के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) से निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कुलकर्णी ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बाद भी भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के अन्य देश के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन करती रहेगी। इसकी वजह देश में खपत मजबूत होने के साथ-साथ निर्यात का लगातार बढ़ना है।
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी अगस्त एमपीएस में देश में निजी खपत मजबूत रहने की पुष्टि की है।
कुलकर्णी ने आगे कहा कि भारत की तेज आर्थिक वृद्धि के पीछे तीन कारण प्रमुख हैं, जिसमें पहला- सरकार का फोकस बैलेंसशीट को मजबूत बनाने पर होना, दूसरा- देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का बढ़ना और तीसरा- भारत की ओर से दुनिया के कई देशों के साथ एफटीए (फ्री ट्रेड एग्रीमेंट) साइन करना है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले कई वर्षों में भारत ने कई देशों के साथ एफटीए साइन किए है। इससे केवल एक सेक्टर को नहीं, बल्कि कई सेक्टर्स को फायदा होगा, जिसमें जूट, टेक्सटाइल, ऑटो, डिफेंस, आईटी और अन्य शामिल हैं।
इससे देश की अर्थव्यवस्था को आगे भी 7 प्रतिशत से अधिक की ग्रोथ दर्ज करने में मदद मिलेगी।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों के लार्जकैप से भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद पर पूछे सवाल के जवाब में एचएसबीसी म्यूचुअल फंड के सीईओ ने कहा कि जब भी आप इतिहास देखेंगे तो पाएंगे कि हमेशा से ही मिडकैप और स्मॉलकैप ने लार्जकैप की अपेक्षा अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन इनमें हमेशा से उतार-चढ़ाव लार्जकैप की अपेक्षा अधिक रहा है।
जब भी बाजार में अस्थिरता आएगी, तो इनमें अंडरपरफॉरमेंस देखने को मिलेगी। हालांकि, लंबी अवधि में यह लार्जकैप से अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने वैश्विक अस्थिरता के दौर में निवेशकों के सामने आने वाली चुनौतियों पर कहा कि बीते कुछ वर्षों में निवेश जागरूकता कार्यक्रमों के कारण बाजार में निवेशकों में जागरूक हुए हैं और उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखकर ही निवेश कर रहे हैं।
इस वजह से एसआईपी का आंकड़ा लगातार ऊपर जा रहा है। निवेशकों को पता है कि बाजार के उतार-चढ़ाव को संभालने के लिए सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) अच्छा तरीका है।
--आईएएनएस
एबीएस