×

इंडिया गठबंधन को मजबूत करने में कांग्रेस निभा सकती है अहम भूमिका: आनंद दुबे

 

मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के सीएम की कुर्सी गंवाने के बाद टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी भाजपा के खिलाफ सभी विपक्षी दलों को एकजुट होने का आह्वान कर रही हैं। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे का मानना है कि अब बहुत देर हो चुकी है। अगर चुनाव से पहले यह आह्वान ममता बनर्जी की ओर से किया जाता, तो बंगाल में परिणाम कुछ और होते, शायद भाजपा की सरकार भी नहीं बनती।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि ममता दीदी ने गुरु रवींद्रनाथ टैगोर से जुड़े एक कार्यक्रम में कहा था कि सभी विपक्षी दलों को एक साथ आना चाहिए। हालांकि मुझे लगता है कि अब बहुत देर हो चुकी है। अगर पहले कांग्रेस, सीपीएम और टीएमसी के वोट साथ में मिल जाते, तो वे वोट प्रतिशत के मामले में भाजपा से थोड़ा आगे हो सकते थे।

उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बना था। हालांकि अब एक बार फिर इंडिया गठबंधन को ताकत के साथ काम करना चाहिए। इंडिया ब्लॉक गठबंधन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस को ही कोई भूमिका निभानी होगी क्योंकि उन्हीं की पार्टी विपक्षी दलों का नेतृत्व कर सकती है।

केरल में सीएम फेस को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि कांग्रेस को केरल में भारी बहुमत मिला है और आंकड़े काफी अच्छे हैं, इसलिए मुख्यमंत्री निश्चित रूप से उनकी ही पार्टी से होंगे। अब मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर निर्भर करता है। जहां लोकतंत्र होता है, वहां समय लगता है। अगर तानाशाही शासन होता, तो नाम तुरंत घोषित कर दिया जाता। लेकिन यहां अभी भी चर्चाएं चल रही हैं। जहां तक हमें पता है, अजय माकन और मुकुल वासनिक को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वे वहां जाएंगे, विधायकों से मिलेंगे, और फिर विधायक अपने नेता का चुनाव करेंगे।

भारत के मुसलमानों का जिक्र करते हुए दुबे ने कहा कि भारत के मुसलमान बहुत खुश हैं। पूरी दुनिया में भारत जैसा कोई दूसरा देश नहीं है। दुनिया भर में जहां कहीं भी मुसलमान रहते हैं, खासकर संघर्ष-ग्रस्त इलाकों में, उनकी हालत देख सकते हैं। सीरिया और ऐसे ही दूसरे इलाकों में मुसलमानों की स्थिति जगजाहिर है। यहां तक कि पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों में भी आप उनकी हालत देख सकते हैं। ओवैसी सांसद हैं, वह क्या एक सीट लेकर भारत के प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं।

पंजाब सरकार में मंत्री पर ईडी की रेड और गिरफ्तारी पर दुबे ने कहा कि भाजपा की जिन राज्यों में सरकार नहीं है, वहां के नेताओं को डराया जाता है, धमकाया जाता है।

दुबे ने सवाल उठाते हुए पूछा कि ईडी या फिर सीबीआई वहां क्यों नहीं जाती जहां भाजपा की सरकार है। भाजपा की 20 राज्यों में सरकार है, वहां कभी रेड होते नहीं देखा जाता है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है। पंजाब सरकार को छिन्न-भिन्न करना चाहती है लेकिन इस देश का संविधान और कानून अभी जिंदा है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम