परिसीमन बिल के विरोध में INDIA ब्लॉक, वीडियो में खड़गे बोले- लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश; राहुल गांधी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रही है, जिसे विपक्ष स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 850 सीटों के जरिए सत्ता पर अपना नियंत्रण बढ़ाना चाहती है और इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
परिसीमन बिल के मुद्दे पर INDIA ब्लॉक के सांसदों ने शनिवार को सोनिया गांधी के आवास पर बैठक की। इस बैठक में विपक्षी दलों ने बिल का विरोध करने पर सहमति बनाई। बैठक के बाद खड़गे ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार के कदम का विरोध करेगा। वहीं, राहुल गांधी आज शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वे परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष का पक्ष रख सकते हैं।
खड़गे बोले- SC-ST की सीटें बढ़ाने का प्रावधान नहीं
खड़गे ने कहा कि नए परिसीमन के तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए। लेकिन सरकार जो बिल लाने जा रही है, उसमें इसका कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रस्तावित बिल को लेकर विपक्ष को पर्याप्त जानकारी नहीं दी है।उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है और इसका सीधा असर देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर पड़ता है। ऐसे में सरकार को सभी पक्षों को विश्वास में लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
चुनाव आयोग पर भी लगाए गंभीर आरोप
खड़गे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस चुनाव आयोग ने 10 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए, उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में निष्पक्ष परिसीमन की उम्मीद नहीं की जा सकती।खड़गे ने आरोप लगाया कि जिस तरह वोट चोरी के मामले में चुनाव आयोग ने काम किया, उसी तरह परिसीमन की प्रक्रिया में भी गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वहां गलत तरीके से सीटों का निर्धारण किया गया।
850 सीटों के प्रस्ताव पर विपक्ष को आपत्ति
खड़गे ने कहा कि सरकार अब 850 लोकसभा सीटें करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संसद का संचालन कैसे होगा। उनके मुताबिक, इस प्रस्ताव से सत्ता का केंद्रीकरण बढ़ सकता है और लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो सकती है।उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था चाह है, जिसमें हाथ उठाकर बहुमत हासिल किया जाए और लोकतंत्र खत्म हो जाए। खड़गे ने स्पष्ट किया कि विपक्ष इस प्रस्ताव का विरोध करेगा।
INDIA ब्लॉक ने बैठक में तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। इनमें लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बनाए रखना, महिलाओं को मौजूदा सीटों के आधार पर 33 प्रतिशत आरक्षण देना और अगले 25 साल तक राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान बंटवारा बरकरार रखना शामिल है।संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित विधेयकों पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।