इंडिया ए ने श्रीलंका ए को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में 10 विकेट से हराया
गाले, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की ए टीम ने श्रीलंका ए टीम को दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट (चार दिवसीय) में 10 विकेट से हरा दिया है। भारतीय टीम को चौथी पारी में जीत के लिए 33 रन चाहिए थे। टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 36 रन बनाकर मैच 10 विकेट से जीत लिया। साई सुदर्शन, 25, और अमन मोखाड़े, 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।
मैच पर नजर डालें तो भारत ए ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ए ने कप्तान सहान अराचिगे के 127 रन की मदद से 366 रन बनाए थे।
भारत की तरफ से गुरनूर बरार और सारांश जैन ने 4-4 विकेट लिए थे। यश ठाकुर को 2 विकेट मिला था।
भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में साई सुदर्शन के 168, देवदत्त पड्डिकल के 94, सारांश जैन के 70 और कप्तान ध्रुव जुरेल के 53 रन की मदद से पहली पारी में 543 रन बनाकर श्रीलंकाई टीम पर 177 रन की बढ़त ली थी।
श्रीलंका के लिए केशर नुवांथा ने 5 विकेट लिए थे।
श्रीलंका की दूसरी पारी 209 रन पर सिमट गई। एशेन बंडारा ने सर्वाधिक 87 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से गुरनूर बरार ने 6 विकेट लिए, सारांश जैन ने 2, जबकि औकिब नबी और यश ठाकुर को 1-1 विकेट मिला।
जीत के लिए 33 रन के लक्ष्य को भारतीय ए टीम ने 6.2 ओवर में बिना नुकसान के 36 रन बनाकर हासिल कर लिया और मैच 10 विकेट से जीता। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज जीत ली है। सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था।
भारतीय सीनियर टीम भी श्रीलंका का दौरा टेस्ट सीरीज के लिए करने वाली है। सीनियर टीम में ध्रुव जुरेल, साई सुदर्शन और गुरनूर बरार जैसे खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में श्रीलंका ए खिलाफ हुई सीरीज से मिला अनुभव टीम इंडिया (सीनियर) के लिए मददगार साबित होगी।