×

जालंधर में पीएम मोदी का विपक्ष पर बड़ा हमला, वीडियो में बोले- 'पंजाब में कानून व्यवस्था चरमराई, गैंगवार और फिरौती से लोग परेशान'

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर दौरे के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, गैंगवार और नशे के मुद्दे को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में विज्ञापनों के जरिए सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है, जबकि जमीनी हालात बेहद चिंताजनक हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 5,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया। जालंधर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में भी कार्यक्रमों में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने अमृतसर के छेहर्टा से वाराणसी तक चलने वाली सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन को रवाना करने से पहले उन्होंने स्टेशन पर मौजूद स्कूली बच्चों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया।

संत निरंजन दास से की मुलाकात

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/THAQzc3wbzc?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/THAQzc3wbzc/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

ट्रेन रवाना होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रेन के भीतर ही डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कुछ समय तक चर्चा हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री किसान नेताओं की पहचान मानी जाने वाली हरी पगड़ी पहनकर जनसभा स्थल पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया।

'विज्ञापनों से नहीं छिप सकती सच्चाई'

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है।उन्होंने कहा, "पंजाब में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब हो चुकी है। कब कहां गैंगवार हो जाए और किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई नहीं जानता। व्यापारियों के लिए कारोबार करना मुश्किल हो गया है। खुलेआम फिरौती मांगी जा रही है और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं।"

पुलिस थाने भी सुरक्षित नहीं

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि थानों पर हमले हो रहे हैं, जिससे साफ पता चलता है कि कानून व्यवस्था किस स्थिति में पहुंच चुकी है।उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा।

नशे के मुद्दे पर भी जताई चिंता

प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब में नशे की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं और युवाओं को नशे की दलदल में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य देने की जरूरत है, लेकिन इसके बजाय उन्हें गलत रास्ते पर जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

5,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने 5,470 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पंजाब में सड़क, रेल और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास और लोगों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है।प्रधानमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी, वहीं दूसरी ओर राज्य की कानून-व्यवस्था और नशे जैसे मुद्दों पर विपक्षी सरकार को घेरते हुए आगामी राजनीतिक माहौल को भी गरमा दिया।