दिल्ली में मंत्री प्रवेश वर्मा पर युवक को थप्पड़ मारने का आरोप, AAP ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि मंत्री ने रविवार को प्रदर्शन कर रहे एक युवक को थप्पड़ मारा। वहीं, प्रवेश वर्मा ने भी इस मामले पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी और आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह पर गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला दिल्ली के तिलक नगर इलाके का है, जहां आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह ने सड़क निर्माण को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कथित तौर पर अपने हाथ से बनाई गई सड़क को उखाड़ा और उसका हिस्सा लेकर PWD मंत्री प्रवेश वर्मा को सौंप दिया। जरनैल सिंह का आरोप था कि सड़क निर्माण में अनियमितताएं हुई हैं।इसके बाद प्रवेश वर्मा मौके पर सड़क की जांच करने पहुंचे थे। जब वह वहां से जाने लगे तो प्रदर्शन कर रहे कुछ लोग उनके पीछे-पीछे आए और उनसे सवाल करने लगे। इसी दौरान वीडियो बना रहे एक युवक को मंत्री ने थप्पड़ मार दिया।
युवक ने पुलिस में दी शिकायत
वीडियो बनाने वाले युवक ने आरोप लगाया कि उसे पुलिस की मौजूदगी में पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवक ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। उसने मांग की है कि मंत्री को लिखित रूप से माफी मांगनी चाहिए।घटना का वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने इसे लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया कि मंत्री ने सवाल पूछने वाले युवक के साथ गलत व्यवहार किया।
प्रवेश वर्मा ने दी सफाई
वहीं, मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह रात में बनी सड़क को सुबह उखाड़कर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विधायक ने कमीशन की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर इस तरह का प्रदर्शन किया गया।प्रवेश वर्मा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी।फिलहाल इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।