इमरान मसूद के बयान पर शाही चीफ मुफ्ती का पलटवार, बोले- कांग्रेस ने देश में नफरत का जहर घोला
अलीगढ़, 10 नवंबर (आईएएनएस)। शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयानों पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कांग्रेस पर देश में नफरत फैलाने, समाज को बांटने और लोगों को अंधकार में रखने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस की ओर से की जा रही आलोचना पर भी सवाल उठाए। मौलाना ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी नीतियों और पुराने फैसलों पर विचार करना चाहिए। जब तक पार्टी अपनी विभाजनकारी नीतियों में बदलाव नहीं करेगी, तब तक वह राजनीतिक रूप से मजबूत नहीं हो पाएगी।
इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने कहा कि जब किसी विषय पर रिसर्च और तहकीक की जाती है तो कई बातें सामने आती हैं। समाज को सबसे ज्यादा अंधकार में रखने का काम कांग्रेस ने किया है और देश में जितने भी मुद्दे खड़े हुए हैं, उनमें कांग्रेस की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को कमजोर करने, समाज में विभाजन पैदा करने और नफरत का जहर घोलने का काम कांग्रेस की नीतियों के कारण हुआ है। मौलाना ने इमरान मसूद पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह खुद नफरत फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही मंदिर-मस्जिद से जुड़े विवाद पैदा किए और देश का बंटवारा कराया। पार्टी समाज में नफरत पैदा कर लोगों के बीच दूरी बढ़ाने का काम करती रही है। कांग्रेस ने अंग्रेजों की विभाजनकारी नीति अपनाकर देश को कमजोर किया और नागरिकों के साथ-साथ देश के प्रतीकों का भी अपमान किया।
उन्होंने कहा कि इमरान मसूद के मुंह से इस तरह की बातें अब अच्छी नहीं लगतीं, क्योंकि जिन बुराइयों की बात की जा रही है, उनके बीज खुद कांग्रेस ने बोए हैं। कांग्रेस को पहले अपनी भूमिका और नीतियों का आकलन करना चाहिए, उसके बाद दूसरों पर सवाल उठाने चाहिए।
चुनाव आयोग को लेकर इमरान मसूद के बयान पर भी मौलाना चौधरी इफराहीम हुसैन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अपना विश्वास पूरी तरह कायम किए हुए है। कांग्रेस को चुनाव आयोग की आलोचना करने से पहले अपनी नीतियों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। कांग्रेस की विभाजनकारी नीति और कमजोर तबके को गुलाम बनाने वाली सोच जब तक नहीं बदलेगी, तब तक पार्टी ताकत में नहीं आ सकेगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनकी नीतियों के कारण कहां-कहां इंसानियत को नुकसान पहुंचा और किन फैसलों से देश को कमजोर करने का काम हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों का उद्देश्य समाज को गुलाम बनाकर रखना था, लेकिन अब ऐसी सोच आगे नहीं चल पाएगी। कांग्रेस के सामने अब सुधार करने का रास्ता है। यदि पार्टी अपनी नीतियों में बदलाव करती है तो वह आगे बढ़ सकती है, लेकिन ऐसा नहीं होने पर उसका राजनीतिक भविष्य कमजोर हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को या तो अपनी नीतियों में सुधार करना होगा या फिर उसका पूरी तरह खत्म होना तय हो जाएगा।
--आईएएनएस
पीएसके