इमरान मसूद के आरोप पर भड़के एनडीए नेता, राम कदम बोले- खिलाड़ी जाति-धर्म से ऊपर
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस आरोप पर सियासी घमासान तेज हो गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मोहम्मद सिराज को अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उनकी धार्मिक पहचान की वजह से भारतीय प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया। इस बयान पर भाजपा नेता राम कदम और शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दोनों नेताओं ने कहा कि खेल को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए और खिलाड़ियों की प्रतिभा को धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
भाजपा नेता राम कदम ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्य है कि देश के कुछ राजनीतिक दल अब खेल और खिलाड़ियों को भी अपनी सियासत का ओछा मुद्दा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम से कम खेल को तो छोड़ देना चाहिए। खिलाड़ी की अपनी प्रतिभा होती है, अपनी पहचान होती है, खेल का अपना तरीका होता है। सामने कौन-सा खिलाड़ी आ रहा है, उसके हिसाब से टीम का चयन होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसमें भी राजनीति घुसाई जाएगी?
राम कदम ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के चयन के अपने मापदंड होते हैं। यदि राजनेता उसमें भी बोलने लगें और चयन के अधिकारों पर बिना प्रमाण और बिना सबूत के आरोप लगाकर उसे धर्म से जोड़ने लगें, तो यह देश को किस दिशा की ओर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि क्या इसमें भी तुष्टिकरण की राजनीति खोजी जाएगी। खेल और खिलाड़ी सभी को प्रिय हैं। वे जाति, धर्म और राजनीतिक दल से ऊपर हैं। वे देश की आन, बान और शान बढ़ाते हैं। इसलिए किसी भी राजनीतिक नेता या दल को धर्म के साथ जोड़कर उनकी प्रतिभा को छोटा करने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए।
वहीं, शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने भी इमरान मसूद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद ने दिमागी नक्सली वाली लाइन पकड़ ली है। दिमागी नक्सल वैसे ही बोलता है, जैसे इमरान मसूद बोल रहे हैं कि मोहम्मद सिराज को इसलिए भारतीय क्रिकेट टीम में स्थान नहीं मिला, क्योंकि वह मुसलमान हैं।
आनंद दुबे ने कहा, "हमारे देश का सर्वोच्च पद राष्ट्रपति का होता है। एपीजे अब्दुल कलाम क्या मुसलमान होने की वजह से राष्ट्रपति बने थे, या उनमें योग्यता थी? उनमें योग्यता थी। मुसलमान होना उनका धर्म जरूर था, लेकिन उनकी पहचान उनकी योग्यता, देशभक्ति और वैज्ञानिक सोच से थी। मोहम्मद अजहरुद्दीन क्या मुसलमान होने के कारण भारत के कप्तान बने थे, या योग्य थे? वह योग्य थे। वह अच्छी फील्डिंग और अच्छी बैटिंग करते थे। देश का नाम रोशन करते थे, इसलिए कप्तान बने। मोहम्मद कैफ अच्छे कैच पकड़ते थे, अच्छी फील्डिंग करते थे।"
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, इमरान मसूद का दिमाग दिमागी नक्सल की तरफ बढ़ रहा है। वह हिंदू-मुसलमान कर रहे हैं और वोटों का तुष्टिकरण करना चाहते हैं। ओवैसी वहां परेशान हैं, आजम खान वहां परेशान हैं और इमरान मसूद भी वहां परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि अखिलेश यादव की लुटिया डुबाने में सबसे बड़ी भूमिका इमरान मसूद की होगी, क्योंकि इमरान मसूद कभी समाजवादी, कभी कांग्रेस में रहते हैं। वह नहीं चाहते कि दोनों दल आगे बढ़ें, इसलिए ऐसे बयान देते हैं। यह हास्यास्पद है कि कांग्रेस इस पर कुछ कह नहीं रही है।
आनंद दुबे ने कहा कि बीसीसीआई किस क्रिकेटर को टीम में लेगी और किसे नहीं लेगी, यह उसका निर्णय होता है। मौसम देखा जाता है, पिच देखी जाती है, टीम की जरूरत देखी जाती है कि कितने गेंदबाज रखने हैं, कितने बल्लेबाज और कितने ऑलराउंडर चाहिए। ऐसे में आप मोहम्मद सिराज को भी बदनाम कर रहे हैं और भारत के क्रिकेट इतिहास को भी बदनाम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस