☰
×

इमरान खान विवाद पर संजय राउत का तंज, कहा-'कलाकारों को देश छोड़ने के लिए कहने वाली सरकार कौन?'

 

मुंबई, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर इमरान खान को विदेशी नागरिक बताकर देश छोड़ने के लिए कहे जाने के मुद्दे पर सरकार की आलोचना की है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी कलाकार के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण उसे देश छोड़ने के लिए कहा जा सकता है, तो दूसरे विदेशी नागरिकों पर भी यही नियम लागू होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड के कई कलाकारों और यूट्यूबर ध्रुव राठी का भी जिक्र किया।

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इमरान खान एक अभिनेता और कलाकार हैं। जब वे देश के युवाओं की आवाज बनकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए, तो सरकार डर गई और उन्हें विदेशी नागरिक करार देते हुए देश छोड़ने के लिए कह दी। आखिर सरकार किसी कलाकार को देश छोड़ने का निर्देश देने वाली कौन होती है?

उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में भी ऐसे कई कलाकार हैं, जो विदेशी नागरिक हैं। इनमें कुछ कनाडा, दुबई, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अन्य देशों से जुड़े हैं। यदि विदेशी नागरिक होने के आधार पर किसी कलाकार को देश छोड़ने के लिए कहा जा रहा है, तो ऐसे सभी लोगों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।

राउत ने यूट्यूबर ध्रुव राठी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। उनके मुताबिक, ध्रुव राठी जर्मनी में रहते हैं और विदेशी नागरिक हैं लेकिन उन्हें देश छोड़ने के लिए नहीं कहा गया। राउत ने इस मामले में सरकार के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के कारण किसी कलाकार को निशाना बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने शेख हसीना का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार को सबसे पहले उन्हें देश से बाहर भेजना चाहिए, जिन्हें कथित तौर पर भारत में शरण दी गई है। राउत ने आरोप लगाया कि देश में कई अन्य विदेशी नागरिक भी हैं, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कृपा से यहां रह रहे हैं।

संजय राउत ने चुनाव संबंधी याचिकाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा जताया। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुल 11 याचिकाएं दायर की गई हैं। इनमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ-साथ इंडी गठबंधन की नौ अन्य सहयोगी पार्टियां भी शामिल हैं।

राउत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयोग और अन्य के खिलाफ दायर इन याचिकाओं को स्वीकार कर लिया है और उन पर सुनवाई शुरू होनी है। उन्होंने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट और भारत के मुख्य न्यायाधीश पर पूरा भरोसा है। उन्हें उम्मीद है कि अदालत उन्हें और देशभर के करोड़ों मतदाताओं को न्याय दिलाएगी।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम