देशभर में मानसून का असर: मुंबई में रेड अलर्ट, 15 फीट ऊंची लहरों की चेतावनी; वीडियो में जाने राजस्थान-दिल्ली में झमाझम बारिश
देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में भारी बारिश जनजीवन पर असर डाल रही है। महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। महाराष्ट्र में मानसून के सक्रिय होने के बाद मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में मूसलाधार बारिश जारी है। इन चारों जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान 172 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है।
बारिश के बीच बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने गुरुवार दोपहर समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।वहीं, मानसून ने गुरुवार को सात दिन की देरी से राजस्थान में दस्तक दी। इसके साथ ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने जयपुर, दौसा सहित 25 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मानसून पांच दिन की देरी से पहुंचा। गुरुवार सुबह से ही राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव देखने को मिला, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।मध्य प्रदेश में भी मानसून ने अपना असर दिखाया है। बुधवार को राज्य के सात जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। इंदौर में भारी बारिश के दौरान एक कार तेज बहाव में नाले में गिर गई। वहीं, सीहोर जिले में बारिश के तेज बहाव में कई बाइक बह गईं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है।
उत्तराखंड में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा फिलहाल रोक दी है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और रास्ते बंद होने की आशंका के चलते यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे तक देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।