×

आईएमडी की चेतावनी, देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं के चलने की आशंका

 

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विभाग (आईएएमडी) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, तेज हवाएं और भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। पूर्वोत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और पूर्वी राज्यों तक कई इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में 17 से 22 मई तक हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। 21 और 22 मई को कुछ इलाकों में गंभीर हीटवेव का असर हो सकता है। उत्तर प्रदेश में भी 17 से 22 मई तक लू चलने की संभावना है, जबकि 19 से 22 मई के बीच कई इलाकों में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

पूर्वोत्तर भारत में 17 मई को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश में 17 मई और फिर 20 से 22 मई तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, असम और मेघालय में 17-18 मई और 21-22 मई को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण भारत में केरल, माहे और लक्षद्वीप में 17 से 20 मई के बीच व्यापक बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 17 से 19 मई तक भारी बारिश हो सकती है। रायलसीमा में 19 और 20 मई को 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार में 17 और 18 मई को बहुत भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में 19 और 20 मई को तेज आंधी चल सकती है।

बीते 24 घंटों में असम-मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार में कई जगह अच्छी बारिश दर्ज की गई। असम के डिब्रूगढ़ में 7 सेंटीमीटर और चेरापूंजी में 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। छत्तीसगढ़ के रायपुर में 6 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

समुद्री इलाकों में भी मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मछुआरों को समुद्र में जाने से पहले सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस