ईमानदारी से एसआईआर और चुनाव होने चाहिए: अबू आजमी
मुंबई, 28 फरवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने एसआईआर के मुद्दे पर कहा कि चुनाव आयोग को ईमानदारी से एसआईआर कराना चाहिए और निष्पक्ष चुनाव की जिम्मेदारी को निभाना चाहिए।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान सपा नेता ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि जो हो रहा है, चुनाव आयोग की तरफ से बहुत ही गलत कदम उठाए जा रहे हैं। कॉर्पोरेशन चुनाव जो अभी हुआ है उसमें मेरे इलाके के हज़ारों लोग वोट नहीं दे पाए। उनका लिस्ट में नाम है लेकिन जब अंदर गए तो वहां उनका नाम नहीं है। यह मिलीभगत है। जो भाजपा के वोटर नहीं हैं उन्हें कम करते जाओ ताकि साख बनी रहे। ईमानदारी से काम होना चाहिए। यह सच है कि कुछ लोगों के दो जगहों पर वोटर कार्ड हैं, वोटर लिस्ट को दुरुस्त करना चाहिए। लेकिन, भाजपा को जिताने के लिए दूसरे दलों के वोटर का नाम नहीं काटना चाहिए।
'तलाक-लव जिहाद के मामले बढ़ रहे,' गुजरात में शादी के लिए पेरेंट्स की मंजूरी पर सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि जब संविधान बना हुआ है कि 18 साल के बाद अपनी मनमर्जी से शादी कर सकते हैं तो ऐसे में मुझे नहीं पता यह कानून क्यों। हालांकि, जिस तरह के मामले सामने आते हैं तो माता-पिता की बैचेनी बढ़ जाती है। माता-पिता नहीं चाहते हैं कि बच्चे अपनी मनमर्जी से शादी करें। माता-पिता को भी अपने बच्चों को समझाना चाहिए।
होली का जिक्र करते हुए सपा नेता ने कहा कि होली का त्योहार आ रहा है, मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं। किसी को चिढ़ाने के लिए रंग लगाना ठीक नहीं है, इससे आपसी भाईचारा खत्म होता है। होली और दीपावली पर हम सभी को साथ रहना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर सपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के नेता भी जेल गए हैं। केजरीवाल साहब, आपको बधाई, आप छूटकर आ गए। आप अच्छी तरह से राजनीति कीजिए, आप दूसरों पर इस तरह से लांछन मत लगाइए। कभी समय आता है तो आप लोग एक साथ हो जाते हो, अलायंस कर लेते हो, फिर बाद में इस तरह के बयान देते हो। सांप्रदायिक शक्तियों को खत्म करने के लिए आप सबको एक साथ होना चाहिए ताकि इस देश का संविधान सुरक्षित रहे।
रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को काम से राहत देने की मांग पर अबू आसिम आजमी ने कहा कि मैंने यह बात बार-बार उठाई है और मुख्यमंत्री को लिखा भी है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश ने रमजान के दौरान एक छूट दी है, जिससे रोज़ा रखने वाले अधिकारी धार्मिक तौर पर शाम 4 बजे तक छुट्टी ले सकते हैं। मैंने उनसे इस बारे में बात की है, और अब यह सरकार को तय करना है। अभी तक सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया है; वह सुनती है और बाद में जवाब देती है। मैंने आज फिर यह ज़रूरी मुद्दा उठाया है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा नेता ने कहा कि कानून-व्यवस्था का डर लोगों के मन से खत्म होता जा रहा है। दिनदहाड़े हत्या जैसे गंभीर अपराध हो रहे हैं। मेरे क्षेत्र मानखुर्द शिवाजी नगर में हाल ही में शिफा नाम की एक बच्ची को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। क्षेत्र में आबादी के हिसाब से पुलिस कर्मियों की संख्या कम है। न पर्याप्त पुलिस बल है और न ही पर्याप्त पुलिस स्टेशन। शिवाजी नगर में जहां पहले पुराना पुलिस स्टेशन था, वहां बढ़ती आबादी और बढ़ते अपराध को देखते हुए नया पुलिस स्टेशन शुरू किया जाए। साथ ही पुलिस को सख्त निर्देश दिए जाएं कि अपराध पर कड़ी कार्रवाई हो। इन सभी मांगों को मैंने सदन में सरकार के सामने मजबूती से रखा।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी