×

इल्तिजा मुफ्ती ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरा

 

जम्मू-कश्मीर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग करते हुए कहा कि भगवंत मान, क्या आप पंजाब के सीटी विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा कश्मीरी मुस्लिम छात्रों के साथ दुर्व्यवहार का समर्थन करते हैं, सिर्फ इसलिए कि उन्होंने रमजान के दौरान इफ्तारी और सेहरी के लिए भोजन मांगा था?

उन्होंने पोस्ट में आगे कहा कि यह जानकर हैरान हूं कि पंजाब जैसे राज्य में भी कश्मीरियों पर हमला करना सामान्य हो गया है। हम कुलपति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं। इसके अलावा कुछ भी करना केवल दिखावा होगा।

बता दें कि इल्तिजा ने जिस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, उसमें दावा किया जा रहा है कि पंजाब के सीटी विश्वविद्यालय में मुस्लिम कश्मीरी छात्रों को कथित तौर पर परिसर खाली करने के लिए कहा गया है और सहरी और इफ्तार का अनुरोध करने के बाद उनके प्रवेश रद्द करने की धमकी दी गई है। इल्तिजा ने अपने पोस्ट में पंजाब पुलिस, पंजाब पुलिस के डीजीपी को टैग किया है।

बता दें कि दिसंबर 2025 में इल्तिजा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ 'हिजाब' विवाद को लेकर केस दर्ज कराया था। एक वीडियो वायरल होने के बाद विवाद हुआ था, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री को एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब हटाते हुए दिखाया गया था। शिकायत में उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पर भारतीय महिलाओं की गरिमा के लिए अपमानजनक और अस्वीकार्य टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था।

इल्तिजा मुफ्ती ने वर्ष 2024 के जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने गुफवारा-बिजबेहरा (अनंतनाग) सीट से चुनाव लड़ा था। यह सीट पीडीपी की पारंपरिक सीट मानी जाती है। इसके बाद भी वे चुनाव हार गई थीं। इल्तिजा सोशल मीडिया और सार्वजनिक बहस में काफी सक्रिय रहती हैं। कश्मीरी हितों, मानवाधिकार, युवा सशक्तिकरण और क्षेत्रीय स्वायत्तता पर काफी सक्रिय रूप से बात रखती हैं।

--आईएएनएस

सत्यम/एएस