×

आईआईटी मंडी में नौकरी का अवसर, जूनियर असिस्टेंट के 17 पदों पर आवेदन जारी, जल्दी भरें फॉर्म

 

शिमला, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में पढ़ने के अलावा नौकरी करना लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी-मंडी) ने जूनियर असिस्टेंट के कुल 17 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन मांगे हैं।

आईआईटी मंडी की ओर जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री न्यूनतम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर एप्लीकेशन का बुनियादी ज्ञान, अन्य निर्धारित कौशल और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 30 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 20 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा/कौशल परीक्षा/व्यापार परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन स्तर-3 (सातवें सीपीसी वेतन मैट्रिक्स के अनुसार) प्रति माह होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो अनारक्षित/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए, अन्य पिछड़ा वर्ग-एनसीएल के लिए 400 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/महिलाएं/दिव्यांग/पूर्व सैनिक के लिए 300 रुपए तय किए गए हैं।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईआईटी-मंडी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/एएस