आईआईटी बॉम्बे छात्र मौत मामला: क्राइम ब्रांच की जांच तेज, 40 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज
मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की कथित आत्महत्या के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने 40 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इनमें साहिल के माता-पिता, साथी छात्र, आईआईटी-बॉम्बे हॉस्टल के कर्मचारी और कुछ प्रोफेसर का भी बयान दर्ज किया गया है।
प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का बयान अभी तक दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि जल्द ही प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को समन कर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
जांच के तहत पुलिस ने साहिल के दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक टैबलेट को फॉरेंसिक जांच के लिए मुंबई के कलीना स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा है। इन डिवाइस को डिकोड और अनलॉक करने के बाद पुलिस को अहम डिजिटल सबूत मिलने की उम्मीद है। इन डिजिटल डिवाइस से मिलने वाली जानकारी से साहिल की मौत से पहले की घटनाओं की सटीक कड़ी और परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।
इससे पहले इस मामले में पवई पुलिस ने साहिल के पिता की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। वहीं, साहिल के माता-पिता पिछले चार दिनों से मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन कर हैं। साहिल की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर उनके माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे भूख हड़ताल पर हैं।
साहिल के माता-पिता की मुख्य मांग है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। वे प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी और अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक मेरी यह मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। जांच सही तरीके से हो रही है, लेकिन मेरी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द सबूत इकट्ठा कर आरोपियों को गिरफ्तार करे।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी