आईजीआई एयरपोर्ट पर 15.38 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर एक बार फिर तस्करों के मंसूबों को कस्टम विभाग ने नाकाम कर दिया है। कस्टम विभाग ने हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। अधिकारियों ने गीजरों में छिपाए गए 15.38 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए हैं।
विशेष जानकारी और प्रोफाइलिंग के आधार पर नई दिल्ली स्थित आईजीआई हवाई अड्डे के सीमा शुल्क अधिकारियों ने भारत में बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी के प्रयास को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। कस्टम विभाग के अनुसार, 7 जून (रविवार) को फ्लाइट नंबर डी7-182 से कुआलालंपुर से आ रहे दो यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका गया। निगरानी और जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि यात्री अपने चेक-इन बैगेज के अलावा दो बिल्कुल नए गीजर भी ले जा रहे थे।
संदिग्धों से लगातार पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की गहन जांच के दौरान अधिकारियों को गीजरों के अंदर छिपी सामग्री के बारे में गहरा संदेह हुआ। इसलिए, उपकरणों का एक्स-रे परीक्षण किया गया, जिससे उनके आंतरिक ढांचे में गुप्त पदार्थ छिपाए जाने की संभावना का संकेत मिला।
इसके बाद दोनों गीजरों को खोलने पता चला कि चीजों को छुपाने की लिए कितनी व्यवस्था की गई थी। सीमा शुल्क अधिकारियों ने उपकरणों के अंदर चालाकी से छिपाए गए 145 वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद किए। बरामद पैकेटों की जांच में एक हरे पत्तेदार पदार्थ का पता चला, जिस पर हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) होने का संदेह है।
बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 15.38 किलोग्राम पाया गया। जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थ का अनुमानित अवैध बाजार मूल्य लगभग 5.38 रुपये करोड़ है। बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है और दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
इसके पहले भी आईजीआई हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने 48 करोड़ के मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। बैंकॉक की फ्लाइट (एआई-2356) से आ रहे दो थाईलैंड के यात्रियों को सीमा शुल्क ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका। जांच के दौरान हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) होने के संदेह वाले छह (6) वैक्यूम सील्ड पैकेट बरामद हुए। लगभग 29 किलोग्राम वजन के चार पैकेट एक यात्री के सामान से बरामद किए गए, जबकि लगभग 19 किलोग्राम वजन के दो पैकेट दूसरे यात्री के सामान से बरामद किए गए थे।
--आईएएनएस
ओपी/एएस