×

आईडीएफसी बैंक फ्रॉड केस में ईडी का शिकंजा, रियल एस्टेट कारोबारी विक्रम वधवा गिरफ्तार

 

चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय ने आईडीएफसी बैंक से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रियल एस्टेट कारोबारी विक्रम वधवा को गिरफ्तार किया है। ईडी ने 29 मई को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत चल रही जांच के दौरान यह गिरफ्तारी की।

सोमवार को ईडी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अब तक की गई जांच में पता चला है कि हरियाणा सरकार, चंडीगढ़ यूटी प्रशासन (केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन) और चंडीगढ़ व पंचकूला स्थित दो निजी स्कूलों के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में रखे बैंक खातों से 645 करोड़ रुपए के सरकारी फंड का गबन किया गया है। विक्रम वधवा उन मुख्य आरोपियों में से एक है, जिसने रिभव ऋषि, अभय कुमार, बैंक अधिकारियों और सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर सरकारी फंड का गबन किया।

विक्रम वधवा ने अपराध से अर्जित संपत्ति को बनाने और उसे छिपाने में अहम भूमिका निभाई है। उनके निजी खाते में 70 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति मिली है। इसके अलावा, गबन किए गए फंड से भारी मात्रा में नकद राशि भी प्राप्त हुई।

विक्रम वधवा ने इस अपराध से अर्जित संपत्ति को अपने से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं में निवेश किया और इस संपत्ति का उपयोग करके कई अचल संपत्तियां भी खरीदीं। इस धोखाधड़ी में विभिन्न मध्यस्थ शेल संस्थाओं- जैसे मेसर्स कैपको फिनटेक सर्विसेज, मेसर्स स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट्स, आरएस ट्रेडर्स, मेसर्स एसआरआर प्लानिंग गुरुस प्राइवेट लिमिटेड आदि ने सरकारी विभागों के विभिन्न खातों से सीधे गबन किया गया फंड प्राप्त किया।

इसके बाद गबन किए गए फंड को आरोपियों और उनसे जुड़ी संस्थाओं के विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से आगे और कई परतों में घुमाया गया। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि इन मध्यस्थ शेल संस्थाओं से विभिन्न जौहरियों को सैकड़ों करोड़ रुपए सुपुर्द किए गए और इन जौहरियों ने इन बैंकिंग लेनदेन के बदले नगद राशि उपलब्ध कराई।

रिभव ऋषि ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस नकद राशि को विभिन्न सरकारी अधिकारियों और कारोबारियों, जिनमें विक्रम वधवा भी शामिल हैं, के बीच वितरित किया। पैसे के पूरे लेन-देन का पता लगाने और इससे अर्जित अन्य संपत्तियों व लाभार्थियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

वहीं, 29 मई को विक्रम वधवा को गिरफ्तार करने के बाद विशेष न्यायालय (पीएमएलए) ने आरोपी को 2 जून तक 4 दिनों की ईडी हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में ईडी ने 11 मई को रिभव ऋषि और अभय कुमार को गिरफ्तार किया था और 11 दिनों की रिमांड के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ईडी की ओर से आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी