आईसीएसआई भर्ती अपडेट: 11 कंसल्टेंट पदों पर आवेदन जारी, जल्द करें अप्लाई
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (भारतीय कंपनी सचिव संस्थान-आईसीएसआई) ने संविदा के आधार पर अलग-अलग विभागों में कंसल्टेंट (सलाहकार) के कुल 11 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
आईसीएसआई ने जिन 11 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें सलाहकार (अनुशासन) के 2, सलाहकार (शासन एवं व्यावसायिक विकास - शासन एवं कॉर्पोरेट कानून) के 2, सलाहकार (शैक्षणिक एवं अनुसंधान - अध्ययन) के 2, सलाहकार (परीक्षा) के 1, सलाहकार (प्रशिक्षण) के 2, और सलाहकार (शैक्षणिक एवं अनुसंधान - पीएमक्यू) के 2 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 मई तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित पद के अनुसार इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया के सदस्य/एलएलबी, इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया का सदस्य, किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीए/वाणिज्य/अर्थशास्त्र/प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री या समकक्ष होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय साल का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा/इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 50,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईसीएसआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
आईसीएसआई की ओर से टेस्ट/इंटरव्यू का स्थान, तिथि और समय बाद में सूचित किया जाएगा। वहीं भर्ती और योग्यता से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कैंडिडेट्स को जारी संबंधित पद के लिए जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी