×

आईसीडीएस में लेडी सुपरवाइजर के 29 पदों पर निकली वैकेंसी, आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू

 

पटना, 25 मार्च (आईएएनएस)। बेहतर करियर बनाने की इच्छा रखने वाली महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस), भोजपुर, ने लेडी सुपरवाइजर के कुल 29 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

आईसीडीएस की ओर जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 3 अप्रैल से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रही हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक एक्टिव होने के बाद से तय लास्ट डेट के शाम 5 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकती हैं।

आवेदन करने वाली अभ्यर्थियों के पास प्राप्त संस्थान या बोर्ड से मैट्रिक या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसी के साथ अभ्यर्थी 1 जनवरी, 2024 तक आंगनवाड़ी सेविका के रूप में 10 वर्ष की निरंतर सेवा और भोजपुर जिले की स्थायी निवासी होनी चाहिए।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 45 साल निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाली कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं, चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 25,000 रुपए प्रति महीने होगी। इसी के साथ उन्हें लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईसीडीएस भोजपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद एप्लीकेशन फॉर्म चेक कर उसे सबमिट कर दें। लास्ट में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।

वहीं, भर्ती, योग्यता, सैलरी, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आईसीडीएस भोजपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद, वहां जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/एएस