×

आईसीसी टी20 रैंकिंग में शेफाली वर्मा का जलवा, हरमनप्रीत को भी पहुंचा फायदा

 

दुबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। आईसीसी की ताजा महिला टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में शेफाली वर्मा ने दो पायदान की छलांग लगाई है। वहीं, साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में 47 रनों की नाबाद पारी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर टॉप 10 में वापसी के करीब पहुंच गई हैं।

टी20 रैंकिंग में यह बदलाव भारत और साउथ अफ्रीका अफ्रीका के बीच चल रही पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बीच हुआ है, जिसमें दोनों टीमों की कई खिलाड़ियों को इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनके हालिया प्रदर्शन के लिए इनाम मिला है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 38 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेलने के बाद शेफाली वर्मा आईसीसी की बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गई हैं। 2 टी20 मुकाबलों में शेफाली ने अब तक 156 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 91 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना चौथे स्थान पर भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली बल्लेबाज बनी हुई हैं।

भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी 2 पायदान का फायदा पहुंचा है। वह 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में हरमनप्रीत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 47 रनों की दमदार पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 34 गेंदों पर खेली गई 54 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसके दम पर वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं। एनेरी डर्कसेन 18 पायदान की छलांग लगाकर 33वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि सुने लुस 8 पायदान ऊपर चढ़कर 35वें नंबर पर पहुंच गई हैं।

गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में पाकिस्तान की गेंदबाज सादिया इकबाल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दुनिया की नंबर एक गेंदबाज बनी हुई हैं। वहीं, साउथ अफ्रीका की नॉनकुलुलेको म्लाबा भारत के खिलाफ सीरीज की शानदार शुरुआत के बाद पांच स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर आ गई हैं। अयाबोंगा खाका 8 पायदान की छलांग के साथ 25वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि क्लो ट्रायोन 38वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

भारत की स्पिन गेंदबाज श्री चरणी चार पायदान की छलांग के साथ 23वें नंबर पर आ गई हैं। ऑलराउंडर्स की लिस्ट में मेली केर टॉप पर काबिज हैं, जबकि ट्रायोन चार पायदान ऊपर चढ़कर 11वें नंबर पर पहुंच गई हैं। बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच खेले गए पहले वनडे के बाद एकदिवसीय रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। बांग्लादेश की बल्लेबाज शर्मिन अख्तर को 86 रनों की शानदार पारी खेलने का इनाम मिला है, और वह 7 स्थान की छलांग लगाकर 22वें नंबर पर आ गई हैं। सोभना मोस्टरी 8 पायदान ऊपर चढ़कर 50वें नंबर पर पहुंच गई हैं। वहीं, गेंदबाजों में नाहिदा अख्तर (13वें), राबेया खान (20वें) और मारुफा अख्तर (9 पायदान ऊपर चढ़कर 43वें नंबर पर) को भी फायदा पहुंचा है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी