☰
×

आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: पाकिस्तान ने स्कॉटलैंड को 9 विकेट से हराया

 

अजमान, 22 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी महिला इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी के तहत स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में पाकिस्तान महिला टीम ने 17 गेंद पहले 9 विकेट से जीत हासिल कर ली।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 124 रन बना सकी।

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं कप्तान कैथरीन ब्राइस ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। 36 गेंदों की इस पारी में ब्राइस ने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके अलावा, कैथरीन फ्रेजर ने 21, डॉर्सी कार्टर ने 18 और सारा ब्राइस ने 17 रन बनाए।

पाकिस्तान की तरफ से उम्म-ए-हानि ने 2, मोमिना रियासत, नशरा संधू और ओमाइमा सोहैल ने 1-1 विकेट लिया।

125 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी पाकिस्तान को मजबूत शुरुआत नहीं मिली। टीम ने 30 के स्कोर पर अपना पहला विकेट खो दिया। शवाल जुल्फिकार 13 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद गुल फिरोजा और कप्तान मुनिबा अली ने पाकिस्तान को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों ने 98 रन की साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को 17 गेंद पहले 9 विकेट से जीत दिला दी। गुल फिरोजा ने 43 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से नाबाद 54 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान मुनिबा ने 48 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। पाकिस्तान ने 17.1 ओवर में 128 रन बनाकर मैच जीता।

स्कॉटलैंड के लिए एकमात्र विकेट हन्ना रेनी ने लिया।

तीसरे मैच में पाकिस्तान की यह पहली जीत थी। सुपर सिक्स में टीम चौथे स्थान पर है। वहीं, तीसरे मैच में स्कॉटलैंड की यह दूसरी हार थी। स्कॉटलैंड के भी 1 जीत से 2 अंक हैं। लेकिन बेहतर रन रेट की वजह से स्कॉटलैंड तीसरे स्थान पर है।

पहले और दूसरे स्थान पर क्रमशः श्रीलंका और नीदरलैंड की टीमें हैं।

--आईएएनएस

पीएके