ईरान में एयरस्ट्राइक से अब तक किसी बड़े नुकसान के संकेत नहीं: आईएईए चीफ
वियना, 2 मार्च (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने दावा किया है कि यूएस-इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के किसी परमाणु केंद्र को फिलहाल नुकसान पहुंचने के संकेत नहीं मिले हैं।
आईएईए प्रमुख ने स्पष्ट किया कि बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट, तेहरान रिसर्च रिएक्टर और अन्य ईंधन केंद्रों पर फिलहाल किसी हमले या क्षति की सूचना नहीं है। ईरान के पड़ोसी देशों में अब तक रेडिएशन स्तर सामान्य पाया गया है, जो राहत की बात है।
ग्रॉसी ने बताया कि आईईसी लगातार ईरानी अधिकारियों से संपर्क की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन युद्ध के कारण वहां से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
आईएईए के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के ईरान पर एक विशेष सत्र की शुरुआत करते हुए ग्रॉसी ने कहा, “ईरानी न्यूक्लियर रेगुलेटरी अथॉरिटीज से संपर्क करने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। हमें उम्मीद है कि बातचीत का यह जरूरी चैनल जल्द से जल्द फिर से शुरू हो जाएगा।”
राफेल ग्रॉसी ने दुनिया को आगाह करते हुए 'अधिकतम संयम' बरतने की सिफारिश की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी परमाणु केंद्र पर हमला होता है, तो रेडियोएक्टिव रिसाव के कारण बड़े शहरों को खाली कराना पड़ेगा, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
ग्रॉसी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में स्थिति “बहुत चिंताजनक” है, और उन्होंने ईरान पर इजरायली-यूएस हमलों और उसके जवाबी मिसाइल हमलों के बाद “पूरी तरह से संयम” बरतने की अपील की।
ग्रॉसी के अनुसार, “मैं सभी पार्टियों से अपनी अपील दोहराता हूं कि वे आगे तनाव बढ़ने से रोकने के लिए पूरी तरह से संयम बरतें।” ग्रॉसी ने जोर देकर कहा कि सैन्य कार्रवाई को रोककर तुरंत कूटनीति और बातचीत पर वापस लौटना आवश्यक है।
स्पष्ट है कि परमाणु एजेंसी इस समय 'कम्युनिकेशन गैप' को खत्म करने का प्रयास कर रही है ताकि किसी भी 'परमाणु आपदा' से समय रहते बचा जा सके।
--आईएएनएस
केआर/