हैदराबाद: पिछड़ा वर्ग कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक, मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
हैदराबाद, 7 जून (आईएएनएस)। पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने मंत्री क्वार्टर्स में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यक्रमों, होस्टलों के संचालन और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने कहा कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के माध्यम से चल रही योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना और पिछड़ा वर्ग समुदाय के समग्र विकास को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वे इस महीने के तीसरे सप्ताह में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारियों और सहायक अधिकारियों के साथ एक व्यापक विचार-मंथन बैठक भी करेंगे।
बैठक में पिछड़ा वर्ग गुरुकुल स्कूलों और पिछड़ा वर्ग वेलफेयर हॉस्टलों के पुनः खुलने के मद्देनजर छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हॉस्टल खुलते ही छात्रों के लिए तय मेनू का सख्ती से पालन किया जाए। साथ ही यूनिफॉर्म, किताबें, जूते और अन्य आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर मंत्री ने गुरुकुल और हॉस्टलों के छात्रों को इस शैक्षणिक वर्ष की 10वीं कक्षा की राज्य स्तरीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष में 500 से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पिछड़ा वर्ग गुरुकुलों में इंटरमीडिएट और डिग्री छात्रों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाएं। छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए हॉस्टलों में खेलकूद को प्राथमिकता देने की भी सलाह दी गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर छात्र का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और उनका व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड तैयार किया जाए। साथ ही पूरे वर्ष की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का विस्तृत प्रोफाइल तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने हॉस्टलों में साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। आगामी सरकारी नौकरी अधिसूचनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य के 12 पिछड़ा वर्ग स्टडी सर्किलों में विशेष कोचिंग कक्षाएं शुरू करने का भी सुझाव दिया गया।
मंत्री ने कहा कि पूरे वर्ष फाउंडेशन कोर्स और करियर गाइडेंस कार्यक्रम चलाने की योजना बनाई जाए। साथ ही सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए दीर्घकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
--आईएएनएस
एएमटी/एएस