हैदराबाद एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 31 लाख की विदेशी मुद्रा जब्त
हैदराबाद, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना के हैदराबाद एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की टीम ने एक बार फिर अपनी सतर्कता से बड़ी सफलता हासिल की है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सीआईएसएफ की सीआईडब्ल्यू टीम ने एक इंटरनेशनल यात्री को पकड़ा, जो कुआलालंपुर जाने की तैयारी में था। टीम ने उसके पास से 31 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद की है।
दरअसल, टीम को यात्री के व्यवहार में कुछ गड़बड़ी नजर आई, जिसके बाद उसे जांच के लिए रोका गया। उसे एक्स-बीआईएस स्क्रीनिंग के लिए ले जाया गया, जहां उसके बैग की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध तस्वीरें सामने आईं। इसके बाद जब बैग की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें से विदेशी मुद्रा बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई जा रही है। सीआईएसएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री और बरामद विदेशी मुद्रा को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया, ताकि आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
सीआईएसएफ ने रविवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया, "संदिग्ध व्यवहार और प्रोफाइलिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए तेलंगाना के हैदराबाद हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ की सीआईडब्ल्यू टीम ने कुआलालंपुर जाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को रोका। यात्री को एक्स-बीआईएस स्क्रीनिंग के लिए ले जाया गया, जहां सामान की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। विस्तृत जांच करने पर यात्री के हैंड बैगेज से लगभग 31 लाख रुपये के बराबर की विदेशी मुद्रा बरामद हुई। यात्री और जब्त की गई मुद्रा को एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया।"
यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की इसी टीम ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर एक और यात्री को पकड़ा था, जो दुबई जा रहा था। उस समय भी यात्री के व्यवहार पर शक हुआ और उसे स्क्रीनिंग के लिए रोका गया। जांच के दौरान उसके बैग से अमेरिकी डॉलर, यूएई दिरहम और सऊदी रियाल जैसी विदेशी मुद्रा बरामद हुई थी, जिसकी कीमत करीब 9.62 लाख रुपये आंकी गई थी।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस