☰
×

'हम टॉप पोजीशन पर रहना चाहते हैं,' इंटरनेशनल ब्रेक के बाद दमदार वापसी की उम्मीद में एलीसन

 

बर्मिंघम, 21 नवंबर (आईएएनएस)। एस्टन विला के विंगर एलीसन नवंबर के अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के बाद फिर से प्रीमियर लीग में खेलने के लिए उत्साहित हैं। उनकी टीम शनिवार को विला पार्क में संडरलैंड का सामना करेगी।

एस्टन विला इस मैच में अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए लगातार सातवां मैच बिना हार के पूरा करने की कोशिश करेगी। ब्राजीलियाई खिलाड़ी ने इस मैच को क्लब फुटबॉल में वापसी के लिए एक रोमांचक मौका बताया है।

इंटरनेशनल ब्रेक से पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ विला के 4-4 से ड्रॉ रहे रोमांचक मैच में, एलीसन ने पहले ही मिनट में गोल दागकर खाता खोला था। उनका मानना ​​है कि लीग की टॉप टीमों में जगह बनाने के लिए टीम को अपनी कड़ी मेहनत जारी रखनी होगी।

20 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, "इंटरनेशनल ब्रेक के बाद वापसी के लिए यह एक बहुत अच्छा मैच है। हर मैच के बाद टीम लगातार कड़ी मेहनत करती है। हम मजबूत बने हुए हैं। जीतना, ड्रॉ खेलना और हारना फुटबॉल का हिस्सा है, इसलिए आगे बढ़ने का तरीका हर दिन कड़ी मेहनत करना है।"

शनिवार के प्रतिद्वंद्वी के बारे में बात करते हुए, एलीसन ने संडरलैंड की काबिलियत को माना और जोर देकर कहा कि विला इस मुकाबले के लिए पूरी तरह से तैयारी करने पर ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा, "संडरलैंड एक अच्छी टीम है। हम इस मैच के लिए तैयारी कर रहे हैं। हम टॉप पोजीशन पर रहना चाहते हैं। जानते हैं कि यह बहुत मुश्किल है क्योंकि लीग में कई बेहतरीन टीमें हैं, लेकिन हम शत प्रतिशत टॉप पोजीशन पर रहना चाहते हैं।"

विला में लगभग एक साल बिताने के बाद, ब्राजीलियाई खिलाड़ी ने क्लब में अपने विकास पर भी बात की। उन्होंने अपने इस अनुभव को पेशेवर और व्यक्तिगत, दोनों स्तरों पर सीखने का एक महत्वपूर्ण दौर बताया।

अपने पहले सीजन के दौरान इस विंगर को चोटों का सामना करना पड़ा था, लेकिन उनका मानना ​​है कि इन मुश्किलों ने उन्हें मानसिक मजबूती और धैर्य विकसित करने में मदद की। इन चुनौतियों से पार पाने के बाद, अब वह अधिक सहज हैं और जरूरत पड़ने पर बड़ी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं।

एलीसन ने कहा, "मैंने मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह बहुत कुछ सीखा है। यह एक शानदार अनुभव रहा है। मैं हर दिन और हर मैच के साथ बेहतर होता जा रहा हूं। ये (चोटें) मुश्किल थीं, लेकिन इन्होंने मुझे मानसिक रूप से मजबूत बनाया, धैर्य रखना सिखाया और मुझे अगली चुनौती के लिए तैयार रखा।"

--आईएएनएस

आरएसजी