×

हम सभी को मिलकर पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना चाहिए: रौनक चौधरी

 

ग्रेटर नोएडा, 5 फरवरी (आईएएनएस)। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 में हिस्सा ले चुकीं 9वीं कक्षा की छात्रा रौनक चौधरी का मानना है कि इस साल का बजट कोई साधारण बजट नहीं था, बल्कि यह युवा शक्ति विजन का बजट था। उन्होंने कहा कि हम सभी को कंधे से कंधा मिलाकर पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना चाहिए।

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम को लेकर 9वीं क्लास की छात्रा ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान हम अपने विचार सामने रख रहे थे, और केंद्रीय मंत्री के साथ जो अनुभव रहा, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

उन्होंने कहा कि जैसे ही हम स्टेज पर गए, वहां मंत्रियों को देखकर मैं बहुत उत्साहित हो गई। जब हमने अपने विचार प्रस्तुत किए तो केंद्रीय मंत्री बहुत खुश हुए। उन्हें यह देखकर अच्छा लगा कि हमारे जैसे युवा आगे बढ़कर अपने विचारों को प्रेजेंट कर रहे हैं और देश को विकसित बनाने में योगदान दे रहे हैं।

केंद्रीय बजट में भी वित्त मंत्री ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की खूब प्रशंसा की और बताया कि उनके द्वारा दिए गए कई विचार इस बजट में शामिल किए गए हैं।

रौनक चौधरी ने कहा कि 77 साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि 3000 से ज्यादा युवा एक साथ मंच पर आए हैं। मुझे बहुत खुशी है कि वह उस कार्यक्रम का हिस्सा बनी। जब युवा, महिलाएं और बच्चे तीनों एक साथ आते हैं तो देश को विकसित होने से कोई नहीं रोक सकता। इस साल लाखों युवाओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए, जिसमें मैं भी शामिल थी। शुरू में 50 लाख से ज्यादा युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन चयन के बाद सिर्फ 3000 युवाओं को चुना गया। ये 3000 युवा पूरे देश के युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। यह दिखाता है कि हमारा देश अब युवाओं की बात सुन रहा है। उनके विचार, उनका आत्मविश्वास और उनका जज्बा यह साबित करता है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा, जो कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है।

रौनक चौधरी ने कहा कि यह बहुत बड़ा और निर्णायक कदम है। जब देश में स्टार्टअप्स बढ़ेंगे तो हमारे उद्यमी बढ़ेंगे। जब उद्यमी बढ़ेंगे तो रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। रोजगार बढ़ने से अर्थव्यवस्था पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इससे डिफेंस और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी स्टार्टअप्स की संख्या बढ़ेगी। नतीजतन हम विकसित भारत के संकल्प की ओर बहुत तेजी से बढ़ेंगे।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी