हुबली में क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर रेप का आरोप
हुबली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को मंगलवार सुबह हुबली में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शादी का झांसा देकर रेप के आरोप से जुड़े मामले में हुई है।
23 जून को कर्नाटक में मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक युवती ने मोगरा पुलिस स्टेशन में अभिषेक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेटर पीड़िता के साथ साढ़े तीन साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में था। आरोप है कि दोनों ने शादी करने का प्लान बनाया और साथ में विदेश यात्रा भी की थी, लेकिन बाद में रिश्ते में दरार आने लगी।
करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि पुलिस को मामले में दखल देना पड़ा, हालांकि उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। कुछ समय बाद पीड़िता ने मोगरा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह उसी दिन मोगरा पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां डीएसपी (क्राइम) अभिजीत सिन्हा महापात्रा ने मोगरा के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (आईसी) से बातचीत की और आगे की कार्रवाई के लिए जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद मोगरा पुलिस ने जांच शुरू की और चंदननगर स्थित क्रिकेटर के घर कई बार गई, हालांकि उन्हें अभिषेक पोरेल नहीं मिले।
कुछ समय बीतने के बाद पीड़िता कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची, जहां हाईकोर्ट ने पुलिस को अभिषेक पोरेल की गिरफ्तार का आदेश दिया। इसके बाद मोगरा पुलिस ने अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक मंगलवार को चिनसुराह कोर्ट में पेश होंगे।
अभिषेक पोरेल ने साल 2023 से अब तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुल 35 मैच खेले हैं, जिसमें 25.63 की औसत के साथ 769 रन बनाए। इस दौरान 4 अर्धशतकीय पारियां भी खेलीं। इसके अलावा अभिषेक 32 फर्स्ट क्लास मैच और 23 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी/वीसी