GTA-5 से GTA-6 तक कितना बदल गया भारत? पीएम मोदी ने शेयर किया खास पोस्ट, अर्थव्यवस्था से लेकर डिफेंस तक गिनाईं उपलब्धियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम 'GTA-6' की चर्चा के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक खास पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने साल 2013 से 2026 के बीच भारत में हुए बदलावों और अलग-अलग क्षेत्रों में मिली उपलब्धियों को सामने रखा। पीएम मोदी ने GTA-5 और GTA-6 के बीच के समय को आधार बनाकर देश की प्रगति की तुलना की है। उन्होंने बताया कि इन वर्षों में भारत ने अर्थव्यवस्था, स्वच्छता, सौर ऊर्जा, डिजिटल कनेक्टिविटी, अंतरिक्ष और रक्षा जैसे क्षेत्रों में किस तरह आगे बढ़ने का दावा किया है।
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा कि भारत अब एक बिल्कुल अलग स्तर पर खेल रहा है। इसके साथ उन्होंने कई स्लाइड्स साझा कीं, जिनमें अलग-अलग क्षेत्रों के आंकड़ों के जरिए देश में आए बदलावों को दिखाया गया है।
'फ्रैजाइल फाइव' से दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था तक
पीएम मोदी की पोस्ट की पहली स्लाइड में भारत की आर्थिक स्थिति में आए बदलाव का जिक्र किया गया है। इसमें बताया गया है कि एक समय भारत को दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में शामिल किया जाता था और उसे 'फ्रैजाइल फाइव' देशों की सूची में गिना जाता था।
पोस्ट के मुताबिक, अब भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। इस तुलना के जरिए प्रधानमंत्री ने पिछले वर्षों में देश की आर्थिक स्थिति में हुए सुधार को रेखांकित किया।
अत्यधिक गरीबी और स्वच्छता के मोर्चे पर बदलाव
प्रधानमंत्री की दूसरी स्लाइड में अत्यधिक गरीबी में 27 फीसदी की कमी का दावा किया गया है। इसके बाद स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों को दिखाया गया है।
पोस्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में स्वच्छता कवरेज 39 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत तक पहुंच गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण और साफ-सफाई को लेकर किए गए प्रयासों को इस बदलाव का हिस्सा बताया गया है।
सौर ऊर्जा क्षमता में बड़ी बढ़ोतरी
पीएम मोदी ने भारत के अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र किया। पोस्ट में बताया गया है कि देश की सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट हो गई है।
इस आंकड़े के जरिए सरकार ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में किए गए प्रयासों को सामने रखा है।
स्पेस स्टार्टअप की संख्या 1 से बढ़कर 440 हुई
प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों और स्टार्टअप की बढ़ती भागीदारी को भी उपलब्धि के तौर पर दिखाया। पोस्ट के मुताबिक, भारत में स्पेस स्टार्टअप की संख्या एक से बढ़कर 440 तक पहुंच गई है।
इसके अलावा बिजली कनेक्शन के विस्तार से जुड़ा आंकड़ा भी साझा किया गया। इसमें बताया गया है कि बिजली कवरेज 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत हो गया है।
इंटरनेट की कीमतों में कमी और डिफेंस एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी
डिजिटल इंडिया की प्रगति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने इंटरनेट की कीमतों में आई गिरावट को भी दिखाया। पोस्ट में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, इंटरनेट डेटा की कीमत 308 रुपये प्रति जीबी से घटकर 7.51 रुपये प्रति जीबी रह गई है।
रक्षा क्षेत्र को लेकर भी प्रधानमंत्री ने भारत की बदलती भूमिका का उल्लेख किया। पोस्ट में बताया गया है कि भारत पहले रक्षा उपकरणों के बड़े आयातकों में शामिल था, लेकिन अब 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है।
नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 182 से घटकर शून्य होने का दावा
पोस्ट की आखिरी स्लाइड में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था में आए बदलाव को दिखाया गया है। इसमें दावा किया गया है कि नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 182 से घटकर शून्य हो गई है।
प्रधानमंत्री ने इन सभी आंकड़ों के जरिए यह बताने की कोशिश की कि GTA-5 के रिलीज होने और GTA-6 के आने के बीच भारत ने कई क्षेत्रों में लंबा सफर तय किया है।
GTA-6 को लेकर गेमिंग जगत में उत्साह
'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' यानी GTA दुनिया की लोकप्रिय वीडियो गेम सीरीज में शामिल है। इसके अगले संस्करण GTA-6 को लेकर गेमिंग प्रेमियों में काफी उत्साह है। इसी लोकप्रिय गेम के दो संस्करणों के बीच के समय को प्रधानमंत्री ने भारत की विकास यात्रा से जोड़ते हुए अपनी पोस्ट साझा की है।इस पोस्ट के जरिए सरकार ने पिछले वर्षों में देश में हुए बदलावों और विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज की गई प्रगति को सामने रखा है।