बेंगलुरु में खौफनाक वारदात: महिला को बंधक बनाकर हाथ फेवीक्विक से चिपकाए, 4.5 लाख का मंगलसूत्र लूटने वाला गिरफ्तार
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जूते और बैग की मरम्मत करने वाली दुकान में घुसे एक बदमाश ने 23 साल की महिला कर्मचारी को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। आरोपी ने पहले महिला के दोनों हाथ फेवीक्विक से चिपका दिए और फिर उसके गले से करीब 4.5 लाख रुपये कीमत का मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात के दौरान महिला दुकान में अकेली थी।
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के चंगुल से निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि, आरोपी ने भागने से पहले महिला को फिर से पकड़ लिया और उसके गले पर चाकू रखकर भीड़ को धमकाने लगा। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया।
हेलमेट और दस्ताने पहनकर दुकान में पहुंचा आरोपी
यह घटना 31 अक्टूबर को इंदिरानगर की 100 फीट रोड पर स्थित एक दुकान में हुई। पीड़ित महिला वहां रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती है और दुकान के रोजाना के लेन-देन की जिम्मेदारी भी संभालती है।
जानकारी के मुताबिक, महिला सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंची थी। इसके लगभग पौने 12 बजे हेलमेट और दस्ताने पहने करीब 40 साल का एक व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ। आरोपी ने रिसेप्शन काउंटर फांदकर महिला के पास पहुंचते ही उसे धमकाना शुरू कर दिया।
उसने महिला से कहा कि कोई उसे मारने आ रहा है और उसे चिल्लाने से मना किया। जब महिला ने दुकान के मालिक को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे जबरन बैठा दिया। उसने महिला का मुंह दबाया और चाकू से उसके गले और हाथों पर हमला किया।
दोनों हाथों पर लगाया Fevikwik, मुंह में ठूंस दिया कपड़ा
आरोपी ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने आवाज उठाई तो वह उसे जान से मार देगा। इसके बाद उसने महिला के दोनों हाथों पर फेवीक्विक डालकर उन्हें आपस में चिपका दिया। इतना ही नहीं, उसने मेज पर रखा कपड़ा उठाकर महिला के मुंह में ठूंस दिया, ताकि वह मदद के लिए आवाज न लगा सके।
इसके बाद आरोपी ने महिला के गले से करीब 35 ग्राम वजन का मंगलसूत्र उतार लिया और उसे अपनी जेब में रख लिया। इस मंगलसूत्र की कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
महिला ने छुड़ाए हाथ तो चाकू लेकर फिर करने लगा हमला
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद जैसे ही आरोपी दुकान से बाहर निकलने लगा, महिला ने किसी तरह अपने हाथ छुड़ाए और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
खुद को घिरता देखकर आरोपी ने महिला के बाल पकड़ लिए और उसे खींचकर दोबारा दुकान के अंदर ले गया। इसके बाद उसने महिला के गले पर चाकू रख दिया और भीड़ को धमकी दी कि अगर किसी ने बीच में आने की कोशिश की तो वह उसे भी नुकसान पहुंचाएगा।
दुकान के मालिक और आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान उसने चाकू लहराया और दुकान के मालिक पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह मंगलसूत्र लेकर भागने की कोशिश करने लगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में आरोपी महिला को चाकू की नोक पर पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। वहीं, दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा नजर आती है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से परेशान और डिप्रेशन में बताया जा रहा है। हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
इंदिरानगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह प्रावधान लूट के दौरान या लूट की कोशिश करते समय किसी व्यक्ति को चोट पहुंचाने से संबंधित है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।