होर्मुज जलडमरूमध्य से दो भारतीय जहाज आ रहे हैं, ये प्रधानमंत्री के प्रयासों का सकारात्मक परिणामः जेडीयू प्रवक्ता
पटना, 15 मार्च (आईएएनएस)। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने राज्यसभा चुनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर आईएएनएस से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी।
राजीव रंजन प्रसाद ने राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा, "हम सभी पांच सीटों पर भारी बहुमत से जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। विपक्ष का सूपड़ा साफ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। बैठकों के माध्यम से हम बेहतर समन्वय स्थापित करने पर काम कर रहे हैं और एनडीए के सभी सहयोगी इस लक्ष्य की ओर मिलकर काम कर रहे हैं।"
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, "भारत की कूटनीतिक शक्ति का प्रभाव पूरी दुनिया में महसूस किया जा रहा है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य में, जहां आमतौर पर केवल चीन और रूस के जहाजों को ही गुजरने की अनुमति होती है और इजरायल, संयुक्त राज्य अमेरिका या अन्य देशों के जहाज प्रवेश करने का प्रयास भी नहीं कर सकते। ऐसे में दो भारतीय जहाज, नंदा देवी और शिवालिक भारत लौट रहे हैं। यह एक बड़ी कूटनीतिक सफलता है और निस्संदेह नरेंद्र मोदी के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।"
जदयू नेता रंजन प्रसाद ने कहा, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी मणिशंकर अय्यर को महत्व देने को तैयार नहीं है। वे अक्सर अपने निराधार बयानों के कारण सुर्खियों में रहते हैं। कई बार तो ऐसा लगता है कि वे इस तरह की टिप्पणियां करके अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करते हैं।"
इसके पहले 13 मार्च को जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा था, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के बीच हुई वार्ता के बाद भारतीय जहाजों को अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते आवागमन की अनुमति मिल गई है। इस फैसले के बाद भारत को तेल की आपूर्ति भी शुरू हो गई है और अब तक करीब 1.35 लाख मीट्रिक टन तेल भारत पहुंच चुका है। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच यह भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे देश की ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी।"
--आईएएनएस
ओपी/वीसी