होमबायर्स धोखाधड़ी केस में सीबीआई ने बिल्डर कंपनी समेत कई के खिलाफ नई चार्जशीट दाखिल की
बेंगलुरु, 7 जुलाई (आईएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदारों (होमबायर्स) के साथ हुई धोखाधड़ी के मामलों में बिल्डर कंपनी, उसके डायरेक्टरों और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ 14वीं और 15वीं चार्जशीट दाखिल की है।
दरअसल, सीबीआई ने घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चल रही जांच में एक और अहम घटनाक्रम के तहत बेंगलुरु में स्थित एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी के मामले में इथाका एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड और उसके डायरेक्टर, एचडीएफसी बैंक लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के अधिकारियों और एलजीसीएल अर्बन होम्स (इंडिया) एलएलपी और उसके डायरेक्टर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। दोनों चार्जशीट बेंगलुरु में सीबीआई मामलों की संबंधित अदालतों में दाखिल की गई हैं।
सीबीआई की जांच में पता चला है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके डायरेक्टरों ने बैंक अधिकारियों और अन्य निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर कथित तौर पर घर खरीदारों/निवेशकों को झूठे भरोसे और धोखाधड़ी वाली बातों से लुभाया और गैर-कानूनी एवं धोखेपूर्ण तरीकों से आर्थिक लाभ उठाया।
मामले की जांच में ठोस सबूत मिले हैं और सक्षम अदालत के सामने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की आपराधिक साजिश, आधिकारिक पद का दुरुपयोग, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है।
बता दें कि सीबीआई अभी देश भर में विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ घर खरीदारों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और फंड के गलत इस्तेमाल के मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर दर्ज 34 अन्य मामलों की जांच कर रही है।
अब तक सीबीआई ने इस मामले में रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शन्स प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सीएटडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, नाइनक्स डेवलपर्स लिमिटेड, डिसेंट बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड और रुद्र बिल्डवेल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और उनके डायरेक्टरों के साथ-साथ कुछ बैंकों और वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के खिलाफ 13 चार्जशीट दाखिल की हैं।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी