×

हिसार के किसान कृष्ण कुमार ने अपनाई ऑर्गेनिक खेती, पीएम मोदी से मुलाकात को बताया सौभाग्य

 

हिसार, 21 मई (आईएएनएस)। हरियाणा के हिसार जिले के रावलवास खुर्द गांव निवासी कृष्ण कुमार पिछले कई वर्षों से ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं। वर्ष 2025 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का अवसर मिला, जिसे उन्होंने अपने जीवन का सौभाग्य बताया है।

कृष्ण कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे बेहद सरल और आत्मीय तरीके से मुलाकात की। करीब 30 मिनट तक चली इस बातचीत में प्रधानमंत्री ने खेती, फसल उत्पादन, किसानों की समस्याओं तथा सरकारी योजनाओं के लाभ को लेकर विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री से मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। वे बहुत सहज और मिलनसार हैं। मैं भविष्य में फिर से उनसे मिलना चाहता हूं।”

कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने अखबारों में पढ़ा था कि लोग कीटनाशकों और रासायनिक खादों से तैयार भोजन खाने को मजबूर हैं। इसी चिंता के कारण उन्होंने ऑर्गेनिक खेती अपनाई। आज वे गेहूं, चना, आलू, गाजर, मूली, घीया, टींडा और तोरी जैसी फसलें उगाते हैं।

उनके अनुसार, उनके खेत में पैदा होने वाला ऑर्गेनिक 306 किस्म का गेहूं 6000 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक जाता है। उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए मंडी जाने की जरूरत नहीं पड़ती। चने की खेती से वे एक एकड़ में एक लाख रुपए से अधिक की आय अर्जित कर लेते हैं।

कृष्ण कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पीएम किसान निधि जैसी योजनाओं से किसानों को काफी लाभ मिला है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने डिजिटल तकनीक और ड्रोन जैसी सुविधाओं को खेती से जोड़कर किसानों को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और भारत का नाम विश्व पटल पर ऊंचा उठाने में बड़ी भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 किसानों से बात की थी और हमारी समस्याओं के बारे में भी पूछा था। उन्होंने कहा कि हमें दाल का उत्पादन ज्यादा करना चाहिए, जिससे दूसरे देशों से हमें खरीदना न पड़े। हम लोग उनकी बात भी मानकर काम कर रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी