×

फ्रांस यूक्रेन को एयर डिफेंस सिस्टम की सप्लाई तेज करेगा: जेलेंस्की

 

कीव, 23 अगस्त (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फोन पर बातचीत के बाद फ्रांस यूक्रेन को उपकरण और मिसाइलें भेजने की प्रक्रिया तेज करने और संबंधित मिसाइलों के उत्पादन के लिए लाइसेंस देने पर सहमत हो गया है।

जेलेंस्की ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मैक्रों को यूक्रेनी इलाके पर हालिया हमलों के बारे में जानकारी दी और इस बात पर जोर दिया कि एयर डिफेंस सिस्टम यूक्रेन की सबसे जरूरी ज़रूरत है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि मैक्रों ने यूक्रेन और उन सहयोगी देशों के बीच बातचीत में मदद करने के लिए अपनी तत्परता जाहिर की, जिनके पास पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए जरूरी मिसाइलें हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जेलेंस्की ने लिखा, "फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मेरी बहुत अच्छी बातचीत हुई। आज हमने लगभग दो घंटे तक सभी अहम मुद्दों पर बात की। इसमें सबसे जरूरी बात एयर डिफेंस की जरूरत है। हम इस बात की बहुत तारीफ करते हैं कि फ्रांस के राष्ट्रपति हमारे उन दूसरे सहयोगियों से बात करने में मदद करने को तैयार हैं, जिनके पास पैट्रियट मिसाइलें हैं। हमने फ्रांस की एयर डिफेंस क्षमताओं पर भी चर्चा की। मैंने इमैनुएल को हमलों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। जान गंवाने वालों के लिए संवेदना जताने के लिए मैं उनका आभारी हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "हमने अपने सहयोगियों के साथ राजनयिक कामकाज की स्थिति और अमेरिकी राष्ट्रपति की टीम के साथ बातचीत पर भी चर्चा की। हम ऐसे कदमों पर सहमत हुए जिनसे और राजनयिक अवसर खुल सकते हैं। हमने इस साल और अगले साल अपनी रक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी फंड की जरूरत पर भी बात की। हमने उन रक्षा समझौतों की पहचान की, जिन्हें हमारे द्विपक्षीय संबंधों में तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है।"

मैक्रों ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि यूक्रेन में एक शॉपिंग सेंटर पर हुए हमले में बड़ी संख्या में आम नागरिकों की मौत से उन्हें गहरा सदमा लगा है। उन्होंने जेंलेंस्की को भरोसा दिलाया है कि फ्रांस यूक्रेन की एयर डिफेंस क्षमताओं के लिए अपना समर्थन बढ़ाएगा, खासकर इंटरसेप्टर मिसाइलें मुहैया करा कर।

यूक्रेन की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी 'उक्रिनफॉर्म' के अनुसार, शुक्रवार को मध्य यूक्रेन के शहर क्रिवी रिह में रूसी ड्रोन हमलों ने एक शॉपिंग सेंटर और अन्य जगहों को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 130 अन्य घायल हो गए।

--आईएएनएस

ओपी/एएस