मुंबई के वडाला में मामूली झगड़े के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, चार गिरफ्तार
मुंबई, 4 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के वडाला में होली उत्सव के दौरान मामूली झगड़े में 22 साल के एक आदमी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मुंबई पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस घटना के सिलसिले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे वडाला के कोकरीपाड़ा इलाके में हुई। आरोपी कथित तौर पर होली मनाने के बाद इकट्ठा हुए थे और बीयर पी रहे थे, तभी झगड़ा हुआ।
मृतक की पहचान तुषार उज्जैनवाला (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि उज्जैनवाला एक दोस्त के साथ इलाके से गुजर रहा था, तभी गलती से उसका पैर एक आरोपी से छू गया। इससे कहासुनी हो गई, जिसके दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे गाली दी।
घर लौटने के बाद उज्जैनवाला ने अपने बड़े भाई को इस घटना के बारे में बताया। इसके बाद वह अपने भाई के साथ आरोपियों का सामना करने वहां वापस गए। झगड़े के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर बेरहमी से हमला किया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर वडाला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बाद में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरे घटनाक्रम और इसमें आरोपियों की भूमिका के बारे में पता लगाने के लिए फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले, मुंबई पुलिस ने हत्या के मामले में तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया। इन तीनों ने अपने 14 साल के दोस्त की हत्या कर दी थी। बाद में उसकी लाश झील में फेंक दी ताकि यह लगे कि वह गलती से डूब गया।
मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सिद्धार्थ 8वीं का छात्र था और अपने माता-पिता व छोटे भाई के साथ तुलशेत पाड़ा में रहता था। 22 फरवरी को सिद्धार्थ दोपहर 3 बजे घर से खेलने के लिए निकला था। जब वह शाम तक वापस नहीं आया, तो उसके परिवार ने उसे ढूंढना शुरू किया, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस की जांच में अगले दिन सिद्धार्थ की ग्रे टी-शर्ट और काली चप्पलें विहार झील के पास मिलीं। इसके बाद झील में सिद्धार्थ के होने की आशंका पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और उसी शाम झील से उसका शव बरामद किया गया।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोगों से पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने झूठा बयान दिया और वापस घर चले आए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने फिर से दोनों दोस्तों को बुलाया और उनसे अलग-अलग पूछताछ की। उन्होंने कथित तौर पर सिद्धार्थ पर हमला करने की बात कबूल की और एक दोस्त के शामिल होने की बात बताई। बाद में पुलिस ने तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया।
--आईएएनएस
डीसीएच/