×

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पवन कल्याण बोले- 'योग ने दी स्पष्टता और आंतरिक परिपक्वता', जताया पीएम मोदी का आभार

 

अमरावती, 21 जून (आईएएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत का एक अहम हिस्सा है। उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए दूरदर्शी प्रयास किए।

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने विचार शेयर किए। उन्होंने लिखा, "योग भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत का एक अहम हिस्सा है और यह भारत की ओर से दुनिया को दिया गया एक अनमोल उपहार है। यह शारीरिक सेहत, मानसिक स्पष्टता, आंतरिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। उम्मीद है कि हर कोई योग को जीवन जीने के तरीके के तौर पर अपनाएगा और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा।"

इस दौरान, पवन कल्याण ने बताया कि कम उम्र में ही योग के साथ अपना सफर शुरू किया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "कम उम्र में ही योग के साथ अपना सफर शुरू किया था। जब मेरे मन में कई सवाल थे, तब योग ने मुझे न सिर्फ उनके जवाब दिए, बल्कि गहरी स्पष्टता और आंतरिक परिपक्वता भी दी, जिसने मेरी यात्रा को एक नई दिशा दी। क्रिया योग, अष्टांग योग और 'आर्ट ऑफ लिविंग' की सुदर्शन क्रिया जैसी योग पद्धतियां आज भी मेरी दिनचर्या का अहम हिस्सा बनी हुई हैं।"

उपमुख्यमंत्री ने आगे लिखा, "अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने योग को वैश्विक पहचान दिलाने और 21 जून को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की पहल का नेतृत्व करने के लिए दूरदर्शी प्रयास किए।"

इसी बीच, राज्य की गृह मंत्री वी. अनिता ने रविवार को विशाखापत्तनम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में अनेक लोग उपस्थित थे।

--आईएएनएस

डीसीएच/