हैदराबाद : डीसीएम वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारने के बाद एक किलोमीटर तक घसीटा, महिला की मौत
हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। हैदराबाद में एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों स्कूटी पर जा रहे थे, तभी एक डीसीएम वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और स्कूटी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया।
यह घटना शनिवार देर रात आईटी हब माधापुर इलाके में हुई। मृत महिला की पहचान 22 वर्षीय हनिया आयशा के रूप में हुई है। उनके पति अब्दुल बासित (26) को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा माइंडस्पेस इलाके में हुआ। टक्कर लगने के बाद अब्दुल बासित सड़क किनारे गिर गए, लेकिन महिला स्कूटी के साथ ही वाहन में फंस गई और करीब एक किलोमीटर तक घसीटी गई।
जब राहगीरों ने यह देखा तो उन्होंने डीसीएम वाहन का पीछा किया और उसे रोक लिया। हालांकि, चालक मौके से भागने में सफल रहा। वहीं, लोगों ने वाहन के क्लीनर को पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला और उसके पति दोनों को एआईजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आयशा को मृत घोषित कर दिया। अब्दुल बासित का इलाज जारी है।
यह दंपती केरल का रहने वाला था और 'मालाबार गोल्ड' के एक स्टोर में काम करते थे। वे कुकटपल्ली में फिल्म देखने के बाद महेश्वरम स्थित अपने घर लौट रहे थे।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार को हादसे की जानकारी दे दी गई है। माधापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीएम चालक की तलाश जारी है। वाहन कर्नाटक में पंजीकृत है।
इसी बीच, आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक और हादसा हुआ। यहां एक कंटेनर ट्रक में आग लग गई, जो ऑटो रिक्शा लेकर जा रहा था। यह घटना बेंगलुरु-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग के पास बंगारुपालेम मंडल में हुई। कंटेनर होसुर से झारखंड आठ ऑटो लेकर जा रहा था, तभी अचानक उसमें आग लग गई।
दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही कंटेनर पूरी तरह जल चुका था। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।