☰
×

कर्नाटक: सूखा राहत पर केंद्र के खिलाफ आक्रामक हुए सीएम शिवकुमार, 'दिल्ली चलो' की दी चेतावनी

 

बेंगलुरु, 28 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार बेलगावी शीतकालीन सत्र के समापन से पहले राज्य के लिए सूखा राहत राशि जारी नहीं करती है, तो उनकी सरकार 'दिल्ली चलो' आंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह रविवार को दिल्ली में केरल और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात करेंगे। वे लोकसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन (डिलिमिटेशन) पर चर्चा करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से भाजपा को फायदा होगा और दक्षिणी राज्यों को नुकसान उठाना पड़ेगा।

शिवकुमार ने विधान सौधा के संगम कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक कर्नाटक के लिए सूखा राहत के तौर पर एक रुपया भी जारी नहीं किया है।

उन्होंने कहा, "हमने कैबिनेट में इस मुद्दे पर चर्चा की है और हम हर तरह का विरोध प्रदर्शन करेंगे। अगर केंद्र सरकार बेलगावी सत्र खत्म होने से पहले मुआवजा जारी नहीं करती है, तो सत्र के बाद हम 'दिल्ली चलो' आंदोलन शुरू करेंगे।"

शिवकुमार ने कहा कि अगर केंद्र सरकार सूखा राहत नहीं देती है तो सरकार सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। साथ ही, उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात का समय भी मांगा है।

उन्होंने कहा कि सरकार शीतकालीन सत्र के दौरान कन्नड़ ध्वज को मान्यता देने का मुद्दा भी उठाएगी। उन्होंने इसे राज्य के गौरव और कन्नड़ भाषी लोगों के आत्मसम्मान से जुड़ा मामला बताया। अनुसूचित जातियों (एससी) के आरक्षण के संबंध में उन्होंने कहा कि कोर्ट में राज्य को मिली असफलता के बाद आरक्षण बढ़ाने के फैसले को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने पर सर्वसम्मति बनी है।

अपनी दिल्ली यात्रा के बारे में शिवकुमार ने बताया कि वह शनिवार रात बेंगलुरु से रवाना होंगे और रविवार को केरल तथा तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों के साथ केंद्र के प्रस्तावित लोकसभा क्षेत्र परिसीमन पर चर्चा करेंगे।

उन्‍होंने कहा, "हम अपने राज्य के साथ हो रहे अन्याय, उत्तरी राज्यों में सीटों की संख्या में संभावित वृद्धि और दक्षिणी राज्यों पर इसके पड़ने वाले असर पर चर्चा करेंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले के बारे में हमें केवल मीडिया रिपोर्टों से जानकारी मिली है। हम अपने हितों की रक्षा के लिए लड़ेंगे।"

भाजपा पर अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से परिसीमन (डिलिमिटेशन) करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि देश के विकास में योगदान देने के बावजूद, संसदीय प्रतिनिधित्व के मामले में दक्षिणी राज्य अल्पसंख्यक स्थिति में आ सकते हैं।

उन्‍होंने कहा, "हम महिलाओं के लिए आरक्षण का समर्थन करते हैं लेकिन परिसीमन का विरोध करते हैं। भाजपा इसे अपनी सुविधा के अनुसार कर रही है। हम अपनी संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए लड़ेंगे। वे हमारी आवाज नहीं दबा सकते।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि केंद्र को इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए थी।

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के इस बयान पर कि प्रस्तावित कानून कन्नड़ लोगों (कन्नडिगा) के हितों की रक्षा करेगा, शिवकुमार ने उनसे पूछा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कर्नाटक और वहां के लोगों के लिए क्या किया है।

सीएम शिवकुमार ने आशा कार्यकर्ताओं के चल रहे विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी जबकि राज्य के मंत्रियों ने शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की थी।

उन्होंने एनडीए नेताओं पर आरोप लगाया कि वे आशा कार्यकर्ताओं का समर्थन करने के बजाय उन्हें राज्य सरकार के खिलाफ भड़का रहे हैं। उन्‍होंने कहा, "केंद्र आशा कार्यकर्ताओं को केवल 2,000 रुपये दे रहा है, इसके अलावा कुछ नहीं। आशा कार्यकर्ताओं के प्रति जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार दोनों की बराबर है। हमने उन्हें जो आश्वासन दिया है, हम उसे पूरा करेंगे।"

--आईएएनएस

एएसएच/पीएम