पाकिस्तान से बातचीत पर फिर छिड़ी बहस, सुरिंदर चौधरी ने भाजपा से मांगा जवाब
जम्मू, 20 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने शुक्रवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से सवाल किया कि पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को दिल्ली में एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने की इजाजत क्यों दी गई।
उन्होंने कहा कि जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने पड़ोसी देश के साथ कूटनीति (बातचीत) का सुझाव दिया था, तब उन्हें देशद्रोही करार दिया गया था।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान के मंत्री के दौरे के लिए भाजपा को जवाब देना चाहिए, क्योंकि एनसी के लगातार बातचीत की वकालत करने के बावजूद भाजपा हमेशा पड़ोसी देश के साथ बातचीत करने के खिलाफ रही है।
यह याद दिलाते हुए कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और एनसी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला की पाकिस्तान के साथ बातचीत की वकालत करने के लिए आलोचना की गई थी, डिप्टी सीएम ने कहा, "स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने भी यही बात कही थी। वे कहते थे, "आप दोस्त बदल सकते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते और भारत को पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने चाहिए।"
चौधरी ने पूछा, "फारूक अब्दुल्ला ने भी कहा था कि पाकिस्तान के साथ बातचीत करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। उस समय, उन पर अलगाववादियों और देशद्रोहियों की भाषा बोलने का आरोप लगाया गया था। अगर आज पाकिस्तान के मंत्री आ रहे हैं, तो आप उन्हें आने की इजाजत क्यों दे रहे हैं?"
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी के मुताबिक, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कई कुर्बानियां दी हैं—पार्टी के मंत्री, विधायक, जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता शहीद हुए हैं, फिर भी पार्टी ने हमेशा एक ही रुख रखा है कि पाकिस्तान से बात किए बिना आगे बढ़ना नामुमकिन है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर के हालात बिगड़ने के लिए वही देश जिम्मेदार है।"
उन्होंने कहा कि 1994 में जिनेवा में फारूक अब्दुल्ला ने जो विचार रखे थे, उन्हें आज सही माना जा रहा है।
तत्कालीन विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले भारतीय प्रतिनिधिमंडल के एक प्रमुख सदस्य के रूप में अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में भारत के रिकॉर्ड का पुरजोर बचाव किया था और मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाने वाले पाकिस्तान समर्थित प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था।
चौधरी ने यह सवाल पूछा,"इसलिए, भाजपा से पूछा जाना चाहिए कि जब हम (एनसी) ऐसी बातें कहते थे तो आप हमें देशद्रोही कहते थे। तो अब जब आप खुद ऐसा ही कर रहे हैं तो फिर आप क्या हुए?" साथ ही उन्होंने कहा कि असल मुद्दा यह नहीं है कि कौन देशभक्त है और कौन नहीं। असली मुद्दा यह है कि अगर आप जम्मू-कश्मीर के हालात सुधारना चाहते हैं, अगर आप इस इलाके में शांति और स्थिरता चाहते हैं तो पाकिस्तान के साथ बातचीत करना बहुत जरूरी है।"
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी