केपीएससी भर्ती घोटाले पर कुमारस्वामी का राहुल गांधी पर निशाना, पूछा- युवाओं से कब करेंगे संवाद?
बेंगलुरु, 30 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने रविवार को कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।
केपीएससी भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार की गिरफ्तारी के बाद कुमारस्वामी का यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कुमारस्वामी ने कहा, "राहुल गांधी, आप कहां हैं? केपीएससी में गड़बड़ियां हो रही हैं। आप पूरे देश में घूमकर छात्रों और युवाओं से बातचीत करते हैं। आखिर आप बेंगलुरु कब आएंगे और केपीएससी भर्ती अनियमितताओं से प्रभावित युवाओं से कब मिलेंगे?"
बेंगलुरु स्थित जनता दल (सेक्युलर) मुख्यालय जेपी भवन में मीडिया से बात करते हुए कुमारस्वामी ने कर्नाटक सरकार की भर्ती व्यवस्था सुधारने की मंशा पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा, "कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खड़गे हर सुबह आरएसएस की बात करते हैं, लेकिन उन्हें अपने ही विभाग की अव्यवस्था दिखाई नहीं देती। जिन उम्मीदवारों का चयन नहीं होना चाहिए था, उन्हें कथित तौर पर भर्ती दे दी गई। क्या आपकी (कांग्रेस) सरकार वास्तव में केपीएससी को साफ-सुथरा बना सकती है?"
कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सुधार के नाम पर बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) में विवादित रिकॉर्ड रखने वाले व्यक्ति को केपीएससी का अध्यक्ष बना दिया था।
उन्होंने कहा, "आपने दावा किया था कि व्यवस्था को सुधारेंगे, लेकिन ऐसे व्यक्ति को केपीएससी अध्यक्ष बना दिया, जिस पर पहले भी आरोप लग चुके थे। उनके कार्यकाल में कथित तौर पर करोड़ों रुपए लेकर पद बेचे गए। आज आप 75,000 सरकारी पदों पर भर्ती की बात कर रहे हैं। क्या ये नियुक्तियां भी इसी तरह की अनियमितताओं के जरिए होंगी?"
कुमारस्वामी ने फिर राहुल गांधी को बेंगलुरु आने की चुनौती देते हुए कहा, "उन्हें यहां लाएं। वे युवाओं से बैठकर केपीएससी के मुद्दे पर बात करें, तब सच्चाई सामने आएगी।"
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों के बारे में बात करना भी दुखद है। कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में सहायक कार्यकारी अभियंता (ग्रेड-1) की भर्ती में हुई कथित अनियमितताओं पर सरकार बोलने से भी बच रही है।
कुमारस्वामी ने यह भी आरोप लगाया कि परीक्षा के प्रश्नपत्र कथित रूप से रिसॉर्ट्स में ले जाए गए और पैसे देने वाले उम्मीदवारों को उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने कहा, "कथित तौर पर प्रश्नपत्र रिसॉर्ट्स में ले जाकर उन उम्मीदवारों को दिए गए, जिन्होंने पैसे दिए थे। उन्हें उत्तर लिखने का प्रशिक्षण भी दिया गया। राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों से संवाद करते हैं। उन्हें एक बार बेंगलुरु आना चाहिए और युवाओं से आमने-सामने बैठकर केपीएससी भर्ती अनियमितताओं पर चर्चा करनी चाहिए।"
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी