अभिनेता सतीश कौशिक ने 'ब्रिक लेन' के बारे में अनुपम खेर को क्यों नहीं बताया था?
मुंबई, 28 जून (आईएएनएस)। दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक ने हॉलीवुड ड्रामा 'ब्रिक लेन' में चानू अहमद का किरदार निभाकर काफी छाप छोड़ी थी। इस रोल के लिए सतीश कौशिक के दोस्त अभिनेता अनुपम खेर ने भी कोशिश की थी।
सतीश कौशिक ने 'कपिल शर्मा शो' में उनका जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि अनुपम खेर को 'ब्रिक लेन' में रोल मिलने के बारे में क्यों नहीं बताया था? उन्होंने बताया था, "कास्टिंग डायरेक्टर यहां आए थे। उन्होंने आखिर में मुझसे संपर्क किया। मैंने सोचा कि मैं अनुपम (खेर) को नहीं बताऊंगा क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि रोल उनके पास चला जाए। इसलिए, मैंने स्क्रीन टेस्ट दिया और जब मैं चुना गया और शूटिंग के लिए लंदन जाने वाला था, तब मैंने उन्हें बताया।"
जब खेर ने सतीश कौशिक से पूछा कि वे लंदन क्यों जा रहे हैं, तब सतीश कौशिक ने बताया था कि वह वहां ढाई महीने तक एक हॉलीवुड फिल्म की शूटिंग करेंगे। खेर ने उनसे पूछा था, "आपको कौन सी फिल्म मिली?"
जब सतीश कौशिक ने उन्हें बताया कि यह 'ब्रिक लेन' है, तो खेर ने कहा कि वह भी उस फिल्म के लिए कोशिश कर रहे थे।
अनुपम खेर ने उनसे पूछा था, "आपने मुझे क्यों नहीं बताया?" उनके इस सवाल का जवाब देते हुए सतीश कौशिक ने कहा था कि इसके पीछे एक धार्मिक कारण था, और साथ ही वह नहीं चाहते थे कि खेर उनसे वह रोल छीन लें।
बता दें कि सारा गैवरॉन के निर्देशन में बनी 'ब्रिक लेन' ब्रिटिश लेखिका मोनिका अली के 2003 के इसी नाम के उपन्यास का सिनेमाई रूपांतरण है। इस ड्रामा का स्क्रीनप्ले लॉरा जोन्स और एबी मॉर्गन ने लिखा है।
सतीश कौशिक के साथ, एक्ट्रेस तनिष्ठा चटर्जी ने फिल्म में मुख्य भूमिका (नजनीन) निभाई थी, जबकि क्रिस्टोफर सिम्पसन, नईमा बेगम, लाना रहमान, ललिता अहमद, हार्वे विर्डी, हर्ष नैयर, अब्दुल नलेफाज अली और बिजल चंडारिया ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
अभिनेता सतीश कौशिक का 9 मार्च 2023 को गुरुग्राम में 66 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
--आईएएनएस
एसडी/एएस