☰
×

बेटी न्यासा को बॉलीवुड में नहीं लाना चाहते अजय देवगन, बोले-'बच्चों पर अपनी पसंद नहीं थोपना चाहता'

 

मुंबई, 8 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अपनी फिल्मों के साथ-साथ परिवार को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। वह चाहते हैं कि उनके बच्चे न्यासा और युग अपनी जिंदगी के फैसले खुद लें। साल 2021 में अजय देवगन एडवेंचर रियलिटी शो 'इनटू द वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और बच्चों के भविष्य को लेकर खुलकर बात की थी।

शो में बेयर ग्रिल्स के साथ बातचीत के दौरान अजय देवगन से पूछा गया कि क्या वह चाहते हैं कि उनकी बेटी न्यासा और बेटा युग भी बड़े होकर फिल्म इंडस्ट्री में काम करें? इस पर अभिनेता ने कहा कि वह अपने बच्चों को उनकी पसंद का करियर चुनने की पूरी आजादी देना चाहते हैं।

अजय ने कहा, "नहीं, उन्हें अपना रास्ता खुद चुनने दीजिए। मुझे अपनी बेटी की फिलहाल इसमें ज्यादा दिलचस्पी नहीं लगती। देखते हैं आगे क्या होता है, अभी वह पढ़ाई कर रही है। मेरा बेटा अभी बहुत छोटा है कि वह तय कर सके कि उसे क्या करना है। इसलिए मैं किसी पर भी अपनी पसंद नहीं थोपना चाहता।"

वहीं, एक मीडिया बातचीत के दौरान काजोल ने भी बेटी न्यासा के करियर को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि न्यासा अपने माता-पिता की तरह अभिनय की दुनिया में नहीं आना चाहतीं। काजोल ने बताया कि उनकी बेटी ने लगभग तय कर लिया है कि वह मनोरंजन जगत का हिस्सा नहीं बनेगी।

इस दौरान काजोल ने फिल्मी परिवारों से आने वाले बच्चों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों पर हमेशा लोगों की नजर रहती है और उन्हें कई तरह की बातों का सामना करना पड़ता है। यह उनकी जिंदगी का एक हिस्सा है, जिससे बचना आसान नहीं है।

काम की बात करें तो अजय देवगन हाल ही में निर्देशक अभिषेक पाठक की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में नजर आए। इस फिल्म में उनके साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, प्रकाश राज, जयदीप अहलावत, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए।

--आईएएनएस

पीके/पीएम