चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग का अमेरिका दौरा, ट्रंप के स्टेट डिनर में शी के लिए मेन्यू में बहुत कुछ खास
वाशिंगटन, 24 सितंबर (आईएएनएस)। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका के दौरे पर हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप गुरुवार शाम (भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह) को व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी फंग लियुआन की मेजबानी करेंगे। इस डिनर के मेन्यू में अमेरिकी सामग्री के साथ चीनी स्वाद का संगम देखने को मिलेगा।
डिनर का आयोजन ईस्ट रूम में होगा। फर्स्ट लेडी के कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इसमें आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ बिजनेस लीडर्स और सरकारी अधिकारी भी शामिल होंगे। मेलानिया ट्रंप ने इस कार्यक्रम की तैयारियों का नेतृत्व किया है।
डिनर की शुरुआत श्राम्सबर्ग 'ब्लैंक डी नोयर' नाम की अमेरिकी स्पार्कलिंग वाइन के साथ टोस्ट से होगी। यह वाइन 1972 में बीजिंग में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और चीनी प्रधानमंत्री झोउ एनलाई के बीच साझा किए गए टोस्ट की याद दिलाने के लिए चुनी गई है।
डिनर की शुरुआत येलो स्क्वैश वेलाउटे सूप से होगी, जिसे वाइल्ड मशरूम फ्रिकासी, क्रिस्पी पैनसेटा और स्कैलियन ऑयल के साथ परोसा जाएगा। इस सूप को मीठे येलो स्क्वैश से बनी एक स्मूद डिश बताया गया है, जिसमें ताजी जड़ी-बूटियों में भूने हुए मशरूम होंगे। पैनसेटा इसमें नमकीन और स्मोकी स्वाद जोड़ेगा, जबकि स्कैलियन ऑयल डिश को फिनिशिंग टच देगा।
मेन कोर्स में तिल से लिपटा सी बास, ब्रेज्ड बेबी बोक चॉय, रोस्टेड बैंगन और ग्रीन हर्ब सॉस परोसा जाएगा। मीठे में मेहमानों को वेनिला क्रेमू और व्हाइट हाउस के शहद से बनी आइसक्रीम के साथ अखरोट फ्रैंजिपेन और खट्टी चेरी कॉन्फिट परोसी जाएगी।
तीनों कोर्स अमेरिकी व्यंजनों से जुड़ी सामग्रियों और चीनी व्यंजनों के टच को एक साथ लाते हैं। पहले कोर्स को स्कैलियन ऑयल से फिनिश किया गया है, जबकि फिश कोर्स में तिल और बोक चॉय का इस्तेमाल किया गया है। व्हाइट हाउस ने इस मेन्यू को दोनों देशों की पाक परंपराओं को एक साथ लाने का प्रयास बताया है।
शास्त्रीय प्रशिक्षण प्राप्त टेनर गायक क्रिस्टोफर मैकियो मनोरंजन कार्यक्रम में मुख्य कलाकार होंगे। उन्होंने ट्रंप के 2025 के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में भी प्रस्तुति दी थी। इस औपचारिक डिनर के दौरान अमेरिकी मरीन कॉर्प्स और अमेरिकी सेना के सैन्य संगीतकार भी प्रस्तुति देंगे।
इनमें 'द प्रेसिडेंट्स ओन' यूनाइटेड स्टेट्स मरीन बैंड और 'द कमांडेंट्स ओन' यूनाइटेड स्टेट्स मरीन ड्रम एंड बिगुल कॉर्प्स शामिल होंगे। यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी कोरस और यूनाइटेड स्टेट्स आर्मी स्ट्रिंग्स भी कार्यक्रम में शामिल हैं।
मेजों पर व्हाइट हाउस कलेक्शन के वर्मेल और रीगन स्टेट सर्विस के बर्तन भी रखे जाएंगे। यह सजावट चीनी सांस्कृतिक संदर्भों को व्हाइट हाउस की परंपराओं के साथ एक साथ लाने के इरादे से की गई है।
--आईएएनएस
केके/एबीएम